महाआरती में विघ्नहर्ता की उपासना करने पहुंचा किन्नर समाज, छप्पन भोग से सजा गणेश दरबार
सुभाष वार्ड में श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति का आयोजन; श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला। श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति, सुभाष वार्ड की ओर से गणेशोत्सव के तहत आयोजित महाआरती एवं छप्पन भोग में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन में किन्नर समाज के सदस्यों ने भी श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की और महाआरती में शामिल होकर परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की।
किन्नर समाज ने की विघ्नहर्ता की आराधना
महाआरती में किन्नर समाज के सदस्यों की सहभागिता विशेष आकर्षण रही। उन्होंने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल होकर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
छप्पन भोग से सजा सिद्धिविनायक का दरबार
महाआरती में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भगवान सिद्धिविनायक को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से सजा छप्पन भोग अर्पित किया गया।
विशेष बात यह रही कि श्रद्धालु परिवार अपने-अपने घरों से तैयार किए गए व्यंजन भगवान गणेश को भोग लगाने के लिए लेकर पहुंचे।
संध्या आरती मंच का रहा विशेष सहयोग
आयोजन में पंडित रानूनाथ शर्मा एवं संध्या आरती मंच, रपटा घाट के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। आरती एवं पूजा कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा सहित नगर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पल्लव पूजा के साथ हुआ समापन
आयोजन के अंत में परंपरागत पल्लव पूजा संपन्न हुई। इसके बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
श्री झूलेलाल गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्थानीय श्रद्धालु उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
.png)