गांजा सप्लाई केस में लंबे समय से फरार महिला गिरफ्तार, जबलपुर GRP की टीम उड़ीसा से लाई
बरगढ़ से गांजा सप्लाई कराने में संलिप्तता का पुलिस का दावा; NDPS एक्ट के प्रकरण में कार्रवाई, मोबाइल जब्त—अन्य आरोपियों की तलाश जारी
विवेचना में सामने आया नाम, उड़ीसा तक पहुंची GRP
जीआरपी के अनुसार थाना जबलपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 एवं 29 के तहत दर्ज प्रकरण की विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और गिरफ्तार आरोपियों से हुई पूछताछ के आधार पर लीजा रानी साहू, पति साजन साहू, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी बरगढ़, उड़ीसा की कथित संलिप्तता सामने आई।
जीआरपी का आरोप है कि महिला बरगढ़ से गांजा की सप्लाई कराने से जुड़ी थी और प्रकरण दर्ज होने के बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। ये आरोप अभी न्यायिक परीक्षण के अधीन हैं।
तकनीकी जानकारी के सहारे बरगढ़ में तलाश
पुलिस के मुताबिक महिला की गिरफ्तारी के लिए लगातार पतासाजी की जा रही थी। तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों के आधार पर जीआरपी की टीम बरगढ़ पहुंची, जहां महिला को दस्तयाब कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी जानकारी मिलने का दावा
जीआरपी का कहना है कि आरोपी महिला से पूछताछ और प्रकरण में अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर गांजा के कथित अवैध विक्रय, लेन-देन और सप्लाई से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान महिला से एक मोबाइल फोन जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही कार्रवाई में भूमिका
थाना प्रभारी जीआरपी जबलपुर उप निरीक्षक संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में उप निरीक्षक जगन्नाथ सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा, सत्येन्द्र सिंह, अरुण तिवारी, रविकांत, परशुराम, सागर उपाध्याय तथा महिला आरक्षक वर्षा और मनीषा कार्रवाई में शामिल रहे।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
जीआरपी जबलपुर के मुताबिक प्रकरण में संलिप्त बताए जा रहे अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और साक्ष्यों की जांच जारी है।
गांजा सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी, अन्य आरोपियों की पतासाजी में जुटी पुलिस
