जनविश्वास शिविर में कलेक्टर का सख्त रुख: सचिव, PM आवास ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और बैंक GM को नोटिस के निर्देश
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के छठवें शुक्रवार को निरीक्षण भ्रमण के बाद कलेक्टर हरेंद्र नारायन ग्राम पंचायत तराई में आयोजित खंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के सामने रखीं।
कलेक्टर नारायन ने एक-एक आवेदन और शिकायत की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों के साथ सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
आंगनबाड़ी नियुक्ति की शिकायत में सामने आई विसंगति
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियुक्ति से संबंधित एक शिकायत की जांच में जन्म प्रमाण-पत्र में दर्ज जानकारी और प्रक्रिया से जुड़ी विसंगतियों का मामला सामने आया। निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना जन्म प्रमाण-पत्र जारी किए जाने के मामले में कलेक्टर ने ग्राम पंचायत खुमकाल के सचिव के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
मेडिकल ऑफिसर के व्यवहार और समय पर नहीं पहुंचने की शिकायत
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव के मेडिकल ऑफिसर के व्यवहार तथा समय पर उपस्थित नहीं होने से संबंधित शिकायत भी शिविर में सामने आई। एसडीएम जुन्नारदेव ने बताया कि संबंधित चिकित्सक को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है। कलेक्टर ने प्रकरण में विभागीय स्तर पर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
PM आवास में लापरवाही पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर को नोटिस के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में लापरवाही संबंधी शिकायत की समीक्षा के दौरान ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पीएम आवास जुन्नारदेव की भूमिका संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बिना जांच दूसरे विभाग भेजी शिकायत, बैंक GM से मांगा जाएगा जवाब
एक अन्य शिकायत में बिना परीक्षण और तथ्यात्मक जांच के प्रकरण को दूसरे विभाग में स्थानांतरित किए जाने की बात सामने आई। इस पर कलेक्टर नारायन ने महाप्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक छिंदवाड़ा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
CM हेल्पलाइन में अनावश्यक लंबितता नहीं रखने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए।
शिविर के दौरान प्राप्त कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों ने सीधे प्रशासन के सामने रखीं समस्याएं
खंड स्तरीय शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ विभागीय स्तर पर उनकी स्थिति की समीक्षा की और निराकरण के लिए जिम्मेदारी तय की।
ये अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में पूर्व विधायक जुन्नारदेव नत्थनशाह कवरेती, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, वनमंडलाधिकारी साहिल गर्ग, एसडीएम परासिया शुभम यादव, एसडीएम जुन्नारदेव राजनंदिनी सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला, अनुविभागीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
