Breaking

revanchal times new

चिकित्सक जिम्मेदार बनें, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएं - डॉ. सिडाना

 




कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण

 

मंडला 14 दिसम्बर 2023

                गुरूवार की शाम को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी चिकित्सक समय पर चिकित्सालय पहुंचकर सेवाएं प्रदान करना सुनिश्चित करें। चिकित्सक जिम्मेदार बनें और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएं। ओपीडी पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर अर्थ जैन एवं रवि कुमार सिहाग

, ईईपीआईयू जीपी पटले तथा सीएमएचओ डॉ. केसी सरौते सहित संबंधित उपस्थित रहे।

                कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में पदस्थ सभी चिकित्सक निर्धारित समय में ओपीडी में उपस्थित रहते हुए मरीजों को उपचार प्रदान करें। सुमन डेस्क को प्रभावी बनाएं। सीएमएचओ समय-समय पर जिला चिकित्सालय का भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीटी स्केन, एक्स-रे एवं पेथोलॉजी से प्रदाय किए जा रहे सेवाओं के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीटी स्केन कक्ष में एपीएल, बीपीएल तथा आयुष्मान कार्डधारियों से ली जाने वाली राशि के संबंध में सूचना अंकित करें। पेथोलॉजी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों से आने वाले सेम्पल्स की संख्या तथा जांच रिपोर्ट भेजने के संबंध में जानकारी ली।

 

ब्लडबैंक में पारदर्शिता रखें

 

                ब्लडबैंक के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रक्त की उपलब्धता के संबंध में बोर्ड में अंकित जानकारी तथा ब्लडबैंक में मौजूद ब्लड यूनिट में अंतर पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि ब्लडबैंक में रक्त की उपलब्धता के संबंध में पारदर्शिता रखें। सूचनापटल पर सही जानकारी अंकित करें। मरीजों को आवश्यकता के आधार पर रक्त उपलब्ध कराएं।

 

मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखें

 

                भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की मेटरनिटी विंग में किए गए मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। कार्य पूर्ण होने पर पेंटिंग कराएं। शौचालय को बेहतर बनाएं। साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में उपस्थित मरीजों से चर्चा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new