Breaking

revanchal times new

म.प्र. ट्रांस्को के प्रबंध संचालक ने किया शहडोल क्षेत्र के अधिकारियों कर्मचारियों से सीधा संवाद


रेवांचल टाईम्स - जबलपुर मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक ने अचानक शहडोल पहुंचकर इस क्षेत्र के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित किया । उन्होंने इस क्षेत्र के कर्मचारियों की समस्याओं को समझा साथ ही इस क्षेत्र को विद्युत उपलब्ध कराने वाली लाइनों में ट्रिपिंग की समीक्षा करते हुए ट्रिपिंग कम करने के सख्त निर्देश दिए उन्होंने कहा कि प्रत्येक ट्रिपिंग की बारीक समीक्षा की जानी चाहिए एवं टावर की अर्थिंग सुदृढ़ की जानी चाहिए ताकि किसी भी विद्युत अवरोध की स्थिति से बचा जा सके। 

प्रबंध संचालक इंजी. सुनील तिवारी ने विभाग की कॉलोनी में बने हुए स्टाफ के क्वार्टर के संधारण पर विशेष बल दिया और कहा कि छोटे कर्मचारी का क्वार्टर भी उतना ही अच्छा मेंटेन होना चाहिए जितना कि किसी बड़े अधिकारी का किया जाता है। इस क्षेत्र में विभाग की विभिन्न सामग्रियों की सुरक्षा हेतु भी उन्होंने समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।

प्रबंध संचालक इंजी. श्री सुनील तिवारी ने इसके पश्चात अनूपपुर एवं कोतमा उपकेंद्रों का भी औचक निरीक्षण किया जहां उन्होंने अमरकंटक थर्मल पावर स्टेशन से निकलने वाली लाइनों के विस्थापन संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इंजी. तिवारी ने शहडोल क्षेत्र के कार्यालयों का भी निरीक्षण करते हुए कार्यालयों को अच्छी प्रकार से संधारित करने पर बल दिया।

प्रबंध संचालक इंजी. श्री सुनील तिवारी ने उपकेंद्रों के निरीक्षण के दौरान सभी सामग्री एवं उपकरणों को भी देखा एवं उनके उचित रखरखाव तथा सुरक्षित कार्य करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को कंपनी हित में उत्साह से कार्य करने एवं नई तकनीक अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new