कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है। ऐसे में देश में कई राज्यों में बारिश का दौर चल रहा है। बारिश के मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। मानसून में डेंगू, मलेरिया, सर्दी, फ्लू जैसी बीमारियां आम हैं। ऐसे में इस मौसम में साफ सफाई और खान पान का बहुत ध्यान रखना पड़ता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी मानसून में खाने पीने का विशेष ध्यान रखने की सलाह देते हैं। बारिश में सबसे ज्यादा संक्रमण बाहरी खाने या तैलीय खाने से फैलता है जैसे समोसा, पकोड़े, चाट आदि। इसके अलावा भी कुछ चीजे ऐसी हैं जो नहीं खानी चाहिए। जानते हैं बारिश में बीमारियों से बचने के लिए क्या नहीं खाना चाहिए।
1. हरी सब्जियां
बारिश के मौसम में हरी सब्जियां जैसे पत्ता गोभी, साग, पालक नहीं खानी चाहिए। एक्सपर्ट के मुताबिक, बरसात में बैक्टीरिया और फंगल इंफेक्शन का खतरा काफी बढ़ जाता है। बारिश के मौसम में पत्तेदार सब्जियों के बीच कीड़े-मकोड़े तेजी से पनपने लगते हैं। इनकी वजह से पेट खराब हो सकता है इसलिए बारिश में ऐसी सब्जियों से दूर रहें।
2. तला और मसालेदार खाना
मानसून में बाहर का तला और मसालेदार खाना खाने से बचना चाहिए। तली और मसालेदार चीजें शरीर में फैट और पित्त बढ़ाता है जो कि शरीर के लिए बेहद हानिकारक होता है। ऐसे में इस मौसम में पकौड़े, समोसे या तली हुई चीजों से भी बचना चाहिए जो डायरिया और डायजेशन को खराब कर देते हैं।
3. मशरूम
बरसात के मौसम में मशरूम नहीं खाना चाहिए। डॉक्टर्स भी बारिश के मौसम में मशरूम के सेवन से परहेज करने की सलाह देते हैं। बता दें कि जमीन में उगने वाली मशरूम में इंफेक्शन होने का खतरा ज्यादा रहता है।
4. दही
बरसात के मौसम में डेयरी प्रोडक्ट जैसे दही का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए क्योंकि दही में भी बैक्टीरिया होता है जो इस मौसम में सेहत के लिए अच्छे नहीं माने जाते।
5. सी फूड
बारिश के मौसम में सी फूड जैसे मछली या प्रॉन्स भी नहीं खाने चाहिए। क्योंकि इस मौसम में समुद्री जीवों के लिए प्रजनन का समय होता है। यही वजह है कि इस मौसम में मछली खाने से फूड प्वाइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है।
6. नॉनवेज
बारिश के मौसम में हमारी पाचन क्रिया काफी कमजोर हो जाती है इसलिए ज्यादा भारी भोजन पचने में मुश्किल होती है। ऐसे में इस मौसम में नॉनवेज खाने से बचें। ऐसे में ज्यादा चर्बी वाला या रेड मीट खाने से भी बचना चाहिए।
7. सलाद
सलाद को सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है लेकिन बारिश के मौसम में इसे नहीं खाना चाहिए। सलाद ही नहीं बारिश के मौसम में कोई भी चीज कच्ची खाने से बचना चाहिए। इसके अलावा कटे हुए रखे फल और सब्जियों का भी सेवन न करें क्योंकि इनमें भी कीड़े होने का खतरा रहता है।
No comments:
Post a Comment