समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मंडला 26 जून 2023
समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि बारिश को ध्यान में रखते हुये आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण रखें। बारिश तथा जल स्तर पर नजर रखें। विभिन्न विभागों के मैदानी अमलों के माध्यम से जानकारियाँ प्राप्त करें तथा आवश्यकतानुसार बचाव तथा राहत कार्य करें। संबंधित अधिकारी कर्मचारी मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करें। आपदा प्रबंधन के लिए सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं। कलेक्टर ने इस संबंध में कंट्रोल रूम संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने कहा कि बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन करें। होमगार्ड सहित संबंधित विभाग बचाव तथा राहत कार्यों के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। बाढ़ की स्थिति में निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आश्रय केन्द्रों का चिन्हांकन कर समुचित व्यवस्थाएं पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को नालियों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ तथा समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं। स्वास्थ्य केन्द्रों में एंटी स्नेक वैक्सीन, ओआरएस सहित अन्य आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य केन्द्रों में कम से कम 3 माह की दवाएं उपलब्ध रहें। डॉ. सिडाना ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग तथा नगरपालिका ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराएं। पीएचई विभाग जल जीवन मिशन के कार्यों के दौरान सड़कों में की गई तोड़फोड़ की मरम्मत कराएं। सभी अधिकारी न्यायालयीन प्रकरणों पर समय पर जवाब प्रस्तुत करें। बैठक में आयुष्मान, संबल, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, लाड़ली बहना सेना के गठन आदि के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के बेहतर निराकरण करने वाले अधिकारियों को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
पुल-पुलियों पर संकेतक लगाएं
बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी पुल-पुलियों तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक लगाएं। बेरीकेटिंग की व्यवस्था करें। पुल-पुलियों में बाढ़ का पानी होने पर आवागमन प्रतिबंधित करें। बाढ़ की स्थिति में लोगों को नदी-नालों के पास न जाने की समझाईश दें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बांधों के जल स्तर की सतत मॉनिटरिंग करें तथा पानी छोड़ने के पूर्व प्रभावित क्षेत्रों के रहवासियों को मुनादी आदि के माध्यम से सूचित करें।
जर्जर भवनों में स्कूल न लगाएं
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने शिक्षा विभाग से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शाला भवनों में मरम्मत कार्य समय में पूर्ण कराएं। जर्जर भवनों में स्कूल का संचालन न करें। स्कूलों के शौचालयों को क्रियाशील करें। कलेक्टर ने स्कूलों के शौचालय की मरम्मत तथा साफ-सफाई आदि के कार्यों को ग्राम पंचायत के माध्यम से कराने के निर्देश दिए।
एक माह में 723 वन भूमि पट्टा वितरित
बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने वन भूमि पट्टा जारी करने के लिए राजस्व, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जनजातीय कार्यविभाग विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वन भूमि पट्टा के लंबित प्रकरणों का निराकरण चुनौतीपूर्ण कार्य था जिसे सम्मिलित प्रयासों से ही समय सीमा में पूरा किया जा सका। डॉ. सिडाना ने अन्य विषयों के लिए भी अधिकारीगणों से इसी तरह के समन्वय से कार्य करने का आव्हान किया।
%20(1).jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment