BREAKING
जवाहर नवोदय विद्यालय से दो छात्र लापता | एमपी में बड़ा प्रशासनिक फैसला | जबलपुर में सनसनीखेज वारदात
मवई की शैक्षिक व्यवस्थाओं को सुधारने चलाएं विशेष अभियान - हर्षिका सिंह - revanchal times new

revanchal times new

निष्पक्ष एवं सत्य का प्रवर्तक

Breaking

aaj ka akhbar padhen

आज का ई-पेपर

पूरा अखबार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें।

ई-पेपर Viewer

Thursday, October 20, 2022

मवई की शैक्षिक व्यवस्थाओं को सुधारने चलाएं विशेष अभियान - हर्षिका सिंह

 






कलेक्टर ने किया मवई क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण

 

मण्डला 20 अक्टूबर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मवई विकासखंड की विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। स्कूलों में उपस्थिति कम होने तथा बच्चों का उपलब्धि स्तर संतोषजनक नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि अभियान में जिले के श्रेष्ठ शिक्षकों का सहयोग प्राप्त करें। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय तेकाम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

                मड़फा, मसना, रेहटाखेरो एवं सठिया आदि ग्रामों में संचालित माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शाला में उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपस्थिति बढ़ाने के लिए पालक शिक्षक संघ तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग प्राप्त करें। इसी प्रकार उपलब्धि स्तर बढ़ाने के लिए डाईट तथा जिले की अन्य शालाओं में पदस्थ श्रेष्ठ शिक्षकों से भी अकादमिक सहयोग प्राप्त करें। शेड्यूल बनाकर साप्ताहिक टेस्ट प्रारंभ करें। मध्यान्ह भोजन में मीनू का सख्ती से पालन होना चाहिए। कलेक्टर ने मड़फा में मध्यान्ह भोजन का कार्य स्व-सहायता समूह से हटाकर शाला प्रबंधन समिति को देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मध्यान्ह भोजन प्रदाय किए गए गैस कनेक्शनों में ही बनाएं।

 

लापरवाही पर कार्यवाही करने के निर्देश

 

                कलेक्टर ने शालाओं की समुचित मॉनीटरिंग नहीं करने पर संबंधित जनशिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनकी विभागीय जांच करने तथा शालाओं में शतप्रतिशत पुस्तकों का वितरण नहीं होने पर बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बिना अनुमति शाला में अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने प्राथमिक शाला मड़फा के शिक्षक मोहन सिंह बघेल के विरूद्ध कार्यवाही करने के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शाला भवनों की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। शालाओं में बिजली एवं पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

 

आंगनवाड़ी केन्द्रों में मां की बगिया विकसित करें

 

                कलेक्टर ने मवई क्षेत्र के आंगनवाड़ियों के निरीक्षण के दौरान कुपोषित तथा कम वजन के बच्चों के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। टीकाकरण के उपरांत पोर्टल पर उसकी फीडिंग कराएं। पोषण आहार का वितरण समय पर कराएं। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखें। आंगनवाड़ी केन्द्रों को रूचिकर बनाएं। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्रों में मां की बगिया अथवा पोषणवाटिका विकसित करने के निर्देश दिए।

               

घर में प्रसव कराने वाली दाई को होगी जेल

 

                आंगनवाड़ी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएम से गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए स्वास्थ्य केन्द्र में ही भेजें। घर में प्रसव कराने वाली दाई के विरूद्ध आपराधिक मामला दर्ज करते हुए उसे जेल भेजने की कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं की चौपाल आयोजित कर उन्हें संस्थागत प्रसव का महत्व बतलाएं।

 

पीडीएस दुकान एवं राशन आपके ग्राम का निरीक्षण

 

                भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मड़फा में उचित मूल्य दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच की। कलेक्टर ने दुकान में रेटलिस्ट चस्पा करने तथा भवन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी ली। इसी प्रकार रमतिला में राशन आपके ग्राम योजना के तहत संचालित वाहन का निरीक्षण किया।

 

रोजगारमूलक कार्य प्रारंभ करें

 

                कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक लिया। मनरेगा के तहत हो रहे कार्यों के संबंध में जानकारी लिए जाने पर ग्रामीणों ने क्षेत्र में रोजगारमूलक कार्य प्रारंभ करने की बात कही। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तत्काल कार्यवाही करते हुए कार्य प्रारंभ कराएं। लोगों को ग्राम में ही रोजगार उपलब्ध होना चाहिए। श्रीमती सिंह ने ग्रामीणों से पशुपालन, उद्यानिकी सहित अन्य योजनाओं से जुड़ने का आव्हान किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों से खाद-बीज की उपलब्धता, केसीसी तथा आयुष्मान पंजीयन के संबंध में भी जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

बैगा महिलाओं से चर्चा, रेहटाखेरो में लगाएं शिविर

 

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने रेहटाखेरो में ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों से जनसेवा अभियान, वनाधिकार पट्टा, आहार अनुदान, पेंशन, जॉबकार्ड, टीकाकरण, स्व-सहायता समूह आदि के संबंध में भी चर्चा की। श्रीमती सिंह ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को रेहटाखेरो में 21 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित कर योजनाओं को लाभ से वंचित लोगों को लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेहटाखेरो में नलजल योजना चालू कर हस्तांतरित करें तथा अगले 10 दिवस में प्रत्येक घर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार ग्राम सठिया में बैगा महिलाओं से चर्चा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उन्हें शासन की योजनाओं से मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण आजीविका परियोजना के माध्यम से स्व-सहायता समूहों का गठन तथा ग्रामीणों का प्रशिक्षण आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

 

ऑपरेशन थिएटर तथा स्टोर की व्यवस्था सुधारें

 

                सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मवई के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि भवन के प्रत्येक हिस्से का बेहतर उपयोग करें। ऑपरेशन थिएटर तथा स्टोर की व्यवस्था में सुधार लाएं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से दवाईयों की उपलब्धता, एम्बूलेंस तथा जननी सुरक्षा योजना के लाभ के संबंध में भी जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने कहा कि परिसर में परिजनों के लिए डोरमेटरी की व्यवस्था करें। दीदी कैफे का संचालन करें। जनरेटर की व्यवस्था के लिए विद्युतमण्डल से समन्वय करें।

No comments:

Post a Comment