प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में अपने आवास पर अपनी खास बहनों के साथ रक्षा बंधन का त्योहार मनाया. छोटी-छोटी उन खास लड़कियों ने रक्षा बंधन के अवसर पर राखी बांधी जो पीएम मोदी के लिए खास थीं. पीएम मोदी के लिए यह एक विशेष रक्षा बंधन था क्योंकि ये लड़कियां प्रधानमंत्री कार्यालय में काम करने वाले सफाईकर्मियों, चपरासी, माली, ड्राइवर जैसे कर्मचारियों की बेटियां थीं.
पीएमओ ने इस मौके पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें पीएम मोदी इन छोटी-छोटी बच्चियों के साथ त्योहार मनाते नजर आ रहे हैं. वे एक-एक करके राखी बांधने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के पास आती हैं और पीएम खुश होकर उनसे बातचीत करते दिखते हैं. इससे पहले आज पीएम मोदी ने इस मौके पर देश की जनता को बधाई दी. पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ”रक्षा बंधन के खास मौके पर सभी को बधाई.”
दिलचस्प बात यह है कि रक्षा बंधन के शुभ अवसर से पहले, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की पाकिस्तानी बहन कमर मोहसिन शेख ने पवित्र राखी भेजी थी और उन्हें 2024 के आम चुनाव के जीत की शुभकामना भी दी थी. एएनआई से बात करते हुए, क़मर ने कहा कि उन्होंने पूरी तैयारी कर ली है और इस बार पीएम मोदी से मिलने की उम्मीद है.
उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि वह (पीएम मोदी) इस बार मुझे दिल्ली बुलाएंगे. मैंने सारी तैयारियां कर ली हैं. मैंने कढ़ाई डिजाइन के साथ रेशमी रिबन का उपयोग करके यह राखी खुद बनाई है.” उन्होंने पीएम मोदी को एक पत्र लिखा और उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन के लिए प्रार्थना की. साथ ही उन्होंने 2024 के चुनाव के लिए भी उन्हें शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने कहा, “मैंने एक पत्र लिखा और लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना की. अच्छा काम करते रहो जैसे तुम कर रहे हो.”पीएम मोदी की बहन शेख ने पिछले साल भी उन्हें राखी और रक्षा बंधन कार्ड भेजा था.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं. शाह ने ट्वीट किया, “रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं.”

No comments:
Post a Comment