Breaking

revanchal times new

सेल्फी लेने के चक्कर में करंट से झुलसे दो युवक, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल




रेवांचल टाइम्स:नालंदा के फतुहा रेल खंड पर एकंगरसराय रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार को झारखंड से कोयला लेकर पटना की ओर जा रही माल गाड़ी की 9 बोगियां बेपटरी होकर पलट गई. घटना के बाद मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई. कोई ट्रेन की फोटो तो कोई सेल्फी ले रहा था. सेल्फी लेने के चक्कर में दो किशोर बोगी पर चढ़ गए. उसी दौरान दोनों का हाथ हाई - टेंशन तार से जा टकराया, जिससे दोनों झुलसकर बोगी में पड़े कोयले पर जा गिरे. ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को नीचे उतारा. हालांकि, तब तक एक किशोर की मौत हो चुकी थी.

मृतक कोशियावां बाजार निवासी राजेंद्र हलवाई का 16 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार है. जबकि जख्मी गड़ेरिया बिगहा निवासी मनोज उर्फ नीलू के पुत्र छोटू को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है. जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. मौत के बाद गांव में परिवार की चीख पुकार गूंजने लगी.

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस समेत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, जहां इस घटना के कारण काफी अफरा तफरी मची हुई थी. कुछ ही देर में कोशियावा व गरेडिया बिगहा के समस्त ग्रामीण इलाकों में युवक की मौत की खबर फैल गई, जिसके बाद इलाके के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए. हादसे के बाद फतुहा-इस्लामपुर रेलखंड पर चलने वाली सभी ट्रेन बाधित हो गई.

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new