समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के
निर्देश
मण्डला 25 जुलाई 2022
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर
हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का
निर्धारित समयावधि में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। कार्यालय प्रमुख
प्रत्येक प्रकरणों का अध्ययन करते हुए उनका सकारात्मक तरीके से निराकरण करें। इस
संबंध में उन्होंने दैनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में एसीईओ
जिला पंचायत एसएस मरावी सहित समस्त एसडीएम तथा समस्त जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों का
लम्बे समय तक निराकरण नहीं किए जाने की दशा में संबंधित जिलाधिकारी जिम्मेदार
होंगे। प्रकरणों को फोर्सक्लोज न करें। पेयजल, हेंडपंप सुधार, पात्रतापर्ची तथा दिव्यांगजनों
से संबंधित प्रकरणों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने कहा
कि मनरेगा तथा स्वच्छ भारत मिशन के परियोजना अधिकारी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए
निराकरण के लिए विकासखंड समन्वयकों को लक्ष्य आवंटित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि
गंभीर प्रकृति के प्रकरणों के लिए अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदलकर जांच कराएं।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री
आवास के कार्यों में गति लाएं। हितग्राहियों को समय पर किस्त जारी करें। इसी
प्रकार जाति प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरणों को विशेष अभियान चलाकर निराकृत करें।
देयकों का भुगतान समय पर करें। संबल योजना के तहत पंजीयन प्रारंभ हो गया है। अतः
संबंधित अधिकारी पात्र व्यक्तियों का पंजीयन कराएं।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि 27 जुलाई को कोविड वैक्सीनेशन का महाभियान संचालित होना है। इस संबंध में सभी
आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाए। प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच करते हुए
प्रीकॉशन डोज लगाएं। शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सचिव तथा रोजगार सहायक सहित अन्य मैदानी अमला लोगों को प्रीकॉशन डोज के लिए
मोबीलाईज करें। विकासखंड स्तर के अधिकारी अपने मैदानी अमले के माध्यम से लोगों को
जागरूक करते हुए उन्हें मोबीलाईज करें। वैक्सीनेशन महाभियान के लिए कलेक्टर ने
निकायवार लक्ष्य निर्धारित किए हैं। श्रीमती सिंह ने अगले 3 दिवस में पीडीएस वितरण शतप्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने परिवहन, भंडारण तथा मिलिंग की समीक्षा
की। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार लाएं। उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों
को मंडला-जबलपुर रोड के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि
वृक्षारोपण के महाभियान के दौरान अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं तथा लगाए गए वृक्षों की
जानकारी अंकुर पोर्टल पर अपलोड करें। साक्षरता सर्वे रिपोर्ट की रेंडम जांच कराएं।
शतप्रतिशत साक्षर होने वाले पंचायतों को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में
सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि साईकिल रैली, मानव श्रंृखला तथा क्विज आदि गतिविधियों के माध्यम से ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए वातावरण तैयार
करें। अनाउंस कराएं तथा लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने इस संबंध में एसडीएम को व्यापारियों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
श्रीमती सिंह ने कहा कि 29 जुलाई एवं 2 अगस्त को टीकाकरण के लिए विशेष अभियान संचालित करें। जो बच्चे वैक्सीनेशन से
छूटे हैं सूची बनाकर उनका टीकाकरण करें। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से
नहीं छूटना चाहिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर
प्रभारी महाप्रबंधक सहकारिता तथा बैठक में अनुशासन का पालन नहीं करने पर खण्ड
शिक्षा अधिकारी घुघरी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डी श्रेणी वाले अधिकारियों को
कारण बताओ नोटिस
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों
की विभागवार समीक्षा की। जनपद पंचायतों, नगरीय निकाय
तथा राजस्व विभाग के लम्बित प्रकरणों की संख्या अधिक होने पर कलेक्टर ने नाराजगी
व्यक्त करते हुए एक सप्ताह में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा
कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अपने प्रकरणों के निराकरण के संबंध में जनपद
पंचायतों से समन्वय करते हुए संयुक्त रूप से भ्रमण कर संतुष्टिपूर्वक निराकरण
करें। श्रीमती सिंह ने डी श्रेणी प्राप्त करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
जारी करने तथा अगले माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह
में संतोषजनक प्रगति परिलक्षित नहीं होने पर एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्यवाही की
जाएगी। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निराकरण नहीं करने तथा समय पर जननी
सुरक्षा के हितग्राहियों का भुगतान नहीं करने पर कलेक्टर ने समस्त खण्ड चिकित्सा
अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment