कलेक्टर ने टीएल बैठक में दिए
निर्देश
मण्डला 11 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में टीएल बैठक ली। बैठक में उन्होने सीएम
हेल्पलाईन की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी 19 तारीख को प्रदेशवार रैंकिंग जारी होगी। सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन की
रैंकिंग को बेहतर करने नियमित रूप से शिकायतों का निराकरण करें। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को समाधान कार्यक्रम आयोजित है। संबंधित विभाग समाधान प्रकरणों का
प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन गतिविधियों के
पश्चात अब सीएम हेल्पलाईन एवं समाधान प्रकरणों का सतत रूप से निराकरण सुनिश्चित
करें। श्रीमती सिंह ने जिले में संचालित साक्षरता सर्वे की समीक्षा करते हुए कहा
कि 20 जुलाई तक साक्षरता सर्वे की रिपोर्ट दें। उन्होंने
जिलेवासियों से आग्रह किया है कि स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग का मैदानी अमला साक्षरता सर्वे के
लिए घर-घर पहुंचेगा, ऐसे में सभी अपनी निर्धारित
जानकारी प्रदान करें तथा मैदानी अमले का सहयोग करें। उन्होंने शहरी क्षेत्र में भी
साक्षरता सर्वे को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक जिले में शतप्रतिशत साक्षरता सर्वे का लक्ष्य रखा गया है।
श्रीमती सिंह ने बैठक में जल-जीवन मिशन के कार्यों में गति
लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान लोगों को पीने का साफ-सुथरा
पानी उपलब्ध हो। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के अधिकारियों को बारिश के
दौरान नालियों की साफ-सफाई, सड़क एवं जल स्त्रोतों की
सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में वृक्षारोपण की समीक्षा करते
हुए इसके लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित
किया कि अपने क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त की गई भूमि को वृक्षारोपण के लिए
हस्तांतरित करें। उन्होंने सभी सीईओ जनपद को प्रभावी वृक्षारोपण के लिए प्लान
बनाने के निर्देश दिए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा
कि पात्र को शौचालय का लाभ दें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि
नियमित रूप से राजस्व न्यायालयों का संचालन करें। उन्होंने जिले में फसल बोनी, खाद-बीज की उपलब्धता, पीडीएस वितरण आदि के संबंध
में भी चर्चा की। बैठक में कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि मत्स्य
विभाग से मत्स्य बीज प्राप्त कर अमृत सरोवर, पुष्कर, खेत-तालाब एवं अन्य जल स्त्रोतों में वितरण कराएं।
कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि सुरक्षित प्रसव, मातृ स्वास्थ्य एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए प्रभावी इंतजाम करें। लापरवाही की
स्थिति में संबंधित की सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बैठक में
कुपोषण, नियमित टीकाकरण, कोविड
वैक्सीनेशन की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रीकॉशन डोज के संबंध में चर्चा करते हुए
कहा कि पात्र शासकीय व्यक्ति एवं आमजन जिला चिकित्सालय एवं संबंधित क्षेत्र के
सीएचसी में जाकर प्रीकॉशन डोज लगाएं। कलेक्टर ने बैठक में किताब वितरण, सीएम राईज स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र में बिजली
कनेक्शन एवं भुगतान, संबल 2.0 योजना के पंजीयन की स्थिति, स्वामित्व योजना, पीडीएस वितरण के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संबल योजना 2.0 का लाभ लेने के लिए विशेष कैम्प लगाएं तथा नए आवेदन प्राप्त करें। उन्होंने
स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए जिले में ड्रोन सर्वे, ग्राऊँड ट्रूथिंग, नक्शे आदि के संबंध में आवश्यक
निर्देश दिए।
’हर घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में निर्देश
कलेक्टर ने बैठक में 11 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे ’हर घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में विस्तृत
जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले के सभी शासकीय विभागों के जिला स्तर के कार्यालय
से लेकर पंचायत स्तर तक के कार्यालयों में ध्वजसंहिता के अनुसार तिरंगा फहराया
जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के घरों में भी 11 से 17 अगस्त के दौरान तिरंगा फहराएं। उन्होंने संबंधित
अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित
करें। उन्होंने जिले के प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने एवं फहराने के इस अभियान
के लिए फ्लैक्स,
बैनर, दीवार लेखन, गीत, अनाउंसमेंट, मुनादी, वॉलेंटियर्स का सहयोग एवं अनेक आयोजन करने के निर्देश दिए।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment