रेवांचल टाइम्स : मध्य प्रदेश के खंडवा और सिंगरौली जिलों में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन महिलाओं और इतने ही बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गयी और 15 अन्य घायल हो गये। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस (एसडीओपी) रवींद्र वास्कले ने बताया कि खंडवा में शुक्रवार की रात रोशनी थाना क्षेत्र के खिरकिया-खलवा मार्ग पर धनोरा गांव के समीप ट्रैक्टर-ट्राली पलट जाने से दो बच्चों व तीन महिलाओं की मौत हो गयी तथा कम से कम 15 अन्य घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि हरसूद में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मेधापानी गांव जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 35 लोग सवार थे।
वास्कले ने कहा, "छह लोगों की हालत गंभीर है। उनका खंडवा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।"
माडा थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने कहा कि सिंगरौली जिले में शुक्रवार शाम अमरहवा गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति और एक लड़के की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पीछे बैठे लड़के की मां घायल हो गई।

No comments:
Post a Comment