रेवांचल टाइम्स :हथियार लाइसेंस के शौकीनों के लिए ग्वालियर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने आफर दिया है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रदेशभर में सरोवरों (तालाब) का निर्माण होना है, जिसमें ग्वालियर के खाते में 100 तालाब हैं। अगले एक साल में यह निर्माण पूरे भी करने हैं। इनके निर्माण का लक्ष्य पूरा करने के लिए ही जिला प्रशासन ने यह विकल्प शुरू किया है। एक तालाब की खुदाई पूरी करवाने के बाद खुदाई कराने वाले को हथियार के लिए लाइसेंस प्राप्त हो जाएगा। आने वाले साेमवार और मंगलवार को कलेक्ट्रेट में अपना नाम दर्ज कराना होगा और खुदाई पूरी करते ही सभी प्रक्रिया पूरी होते ही लाइसेंस मिल जाएगा। दो दिन तक नाम लेने के बाद और नाम नहीं लिए जाएंगे।
आजादी के अमृत महोत्सव में प्रदेश में 5 हजार 352 अमृत सरोवरों का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य आगामी एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के 51 जिलों में बनाए जाने वाले इन अमृत सरोवर के निर्माण का शुभारंभ हाल ही में राज्य स्तरीय जलाभिषेक अभियान में किया। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अमृत सरोवर के लिए तैयार की गई कार्य-योजना में सर्वाधिक अमृत सरोवर जबलपुर एवं मुरैना जिले में 237-237, धार में 192, सिवनी में 140, रीवा में 137, नर्मदापुरम में 132, राजगढ़ में 120 एवं छिंदवाड़ा जिले में 124 अमृत सराेवर बनाए जायेंगे।इसी प्रकार ग्वालियर जिले को प्रदेश से 100 तालाबों का लक्ष्य मिला है।

No comments:
Post a Comment