जानकारी के मुताबिक, गुना जिले के बमोरी के डुमरी गांव में पटेलिया परिवार में 23 अप्रैल को बेटी की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए झाबुआ के थांदला तहसील के रहने वाले बारिया परिवार बमोरी जा रहे थे। कार से 12 लोग झाबुआ से निकले थे। इसी दौरान गुना से 5 किमी दूर टोल नाके के पास एक ट्रक ने ओवरटेक करते हुए कार में टक्कर मार दी। टक्कर में कार तीन बार पलटी खा गई। हादसे में किशन सिंह(63), विद्या हटीला(45) और ममता बारिया(58) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। किशन और विद्या पिता-पुत्री हैं। वहीं ममता इनकी बुआ हैं। विद्या के हस्बैंड प्रेमसिंह हटीला ASI हैं और मंदसौर में पदस्थ हैं। वह भी एक्सीडेंट में घायल हुए हैं।
धरनावदा थाना प्रभारी अरुण सिंह भदौरिया ने बताया कि ये घटना रात लगभग 10 बजे की है। ट्रक और कार की भिड़ंत हुई है। इसमे तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं 9 लोग घायल हैं। घायलों में प्रेमसिंह हटीला (48), नीरज (20), आदित्य (15), सोनाली (29), मधु (35), सोनू (25), तनु (03), अंकुश (11) और शैलेष (25) शामिल हैं। इधर, पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पटेलिया परिवार झाबुआ से बमोरी शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे, जो प्रदेश के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया का विधानसभा क्षेत्र है। इधर, जैसे ही उन्हें सड़क हादसे की जानकारी लगी, तो तत्काल कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए. से चर्चा की। इसके बाद कलेक्टर ने रेडक्रॉस से मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही मृतकों के शवों को एम्बुलेंस से झाबुआ भेजने का इंतजाम कराया।

No comments:
Post a Comment