Breaking

revanchal times new

हाथ भट्टी की बनी 200 लीटर शराब और 6000 किलो महुआ लहान किया जब्त




रेवांचल टाइम्स:महू क्षेत्र के ग्राम हसलपुर, मानपूर, भडखला तालाब सहित अन्य स्थानों पर आबकारी विभाग के दल ने दबिश दी। इन जगहों से हाथ भट्टी की बनी 200 लीटर शराब और लगभग 6000 किलो महुआ लहान जब्त किया गया। साथ ही नशे की यह सामग्री नष्ट की गई। आबकारी विभाग के दलों ने 11 जगह छापे मारे। इसमें एक प्रकरण आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) क के तहत और 10 प्रकरण आबकारी की धारा 34(1) एफ के तहत पंजीबध्द किए गए। इसमें एक आरोपित को गिरफ्तार कर मौके पर जमानत पर छोड़ा गया। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त आबकारी राजनारायण सोनी के निर्देशन में इंदौर जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नियंत्रण कक्ष प्रभारी राजीव द्विवेदी के मार्गदर्शन में बुधवार को की गई। महू क्षेत्र में पकड़ी गई इस अवैध शराब और महुआ लहान की कीमत नौ लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई आबकारी उपनिरिक्षक शालिनी सिंह और मनीष राठौर ने की।
इस कार्रवाई में आबकारी आरक्षक सतेज कोपरगांवकर, ओम प्रकाश राठौर, सावन सिसोदिया, अजय चंद्रभाल, मोहित रायकवार एवं मुकेश रावत भी शामिल थे। उल्लेखनीय है कि महू के आदिवासी क्षेत्र में अवैध शराब अधिक बनाई और बेची जाती है। इस क्षेत्र में आबकारी विभाग ने पहले भी छापामार कार्रवाई करके ढाबों पर अवैध तरीके से बेची जा रही शराब पकड़ी थी। कुछ ढाबा संचालक स्पिरिट से शराब बनाकर बेचने के धंधे में भी लिप्त पाए गए थे। स्पिरिट का उपयोग अवैध रूप से शराब बनाने में किया जाता है, जो जहरीली हो जाती है। जहरीली शराब पीने से प्रदेश में कई मौतें हो चुकी हैं। इंदौर के देपालपुर में भी कुछ साल पहले जहरीली शराब से मौतें हो चुकी हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new