रीवा | जिले के मनगवां थाना क्षेत्र के देऊरी गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. युवक ने अपनी प्रेमिका को ही आग के हवाले कर दिया. घटना के बाद आरोपी ने खुद युवती को अस्पताल में भरती कराया और फरार हो गया. घटना की सूचना लगते ही पुलिस (Police) ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार (Arrest) कर लिया.
मामला मनगवां थाना क्षेत्र के देउरी गांव का है. यहां रहने वाली एक युवती का गांव में ही रहने वाले आनंद पटेल के साथ काफी लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. गुरुवार की रात तकरीबन 12 बजे आरोपी युवक ने युवती को मिलने के लिए बुलाया था. युवती जब पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी करनी शुरू कर दी. युवती ने जब विरोध किया तो आरोपी ने चिमनी में रखा सारा मिट्टी का तेल युवती के ऊपर डाल दिया और उसे आग के हवाले कर दिया. युवती धूं- धूं कर जलने लगी. बाद में आरोपी ने आग बुझाने का प्रयास किया जिससे उसके भी हाथ भी झुलस गए.
प्रेमिका को भर्ती कराकर फरार
आग से झुलसी युवती को आरोपी अपने बाइक से कुछ दूर तक लेकर आया. बाद में उसने ऑटो से युवती को संजय गांधी अस्पताल लाकर भर्ती कराया और वहां से फरार हो गया. घटना के दौरान युवती के परिवार वाले घर पर सोए हुए थे. उन्हें घटना की भनक तक नहीं लग पाई.
आरोपी जेल भेजा गया
सुबह जब युवती कमरे में नहीं मिली तो परिवालों ने उसकी तलाश शुरू की. दूसरे दिन आरोपी ने खुद फोन कर लड़की के पिता को घटना की जानकारी दी. जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी. परिवार के साथ पुलिस अस्पताल पहुंची तब तक आरोपी फरार हो गया था. पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कराया. युवती ने बताया कि उसी के प्रेमी आनंद ने केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया. पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस ने धारा 354, 307 का मामला दर्ज किया और फिर गांव में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. बाद में आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
अस्पताल में गलत नाम दर्ज करवाया
पुलिस का कहना है आनंद पटेल ने अस्पताल में युवती को भर्ती करते वक्त गलत नाम लिखवाया था. इसलिए पुलिस को उसे ढूंढंने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. पूरा मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही युवती का बयान दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया. युवती की हालत गंभीर बनी हुई है.

No comments:
Post a Comment