रेवांचल टाइम्स :- नैनपुर नगर में इन दिनों लोग बढ़ते तापमान से परेशान है, वहीं दूसरी तरफ नलों से आ रहा गंदा पानी और दिन और रात में कई बार हो रही बिजली कटौती से जनता की मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं. हैरानी की बात तो यह है कि जिम्मेदारों की ओर से इस पर कोई ठोस एक्शन नहीं लिया जा रहा है.
पानी-बिजली संकट को बयां करती रेवांचल टाइम्स की खास रिपोर्ट--
नैनपुर नगर में बिजली विभाग द्वारा द्वारा रोजाना दिन हो या रात घंटों बिजली की कटौती की जा रही है। जिसकी वजह से वार्ड नंबर 5, 6, 7, 8 के लोग अधिक परेशान हैं। सप्लाई बंद होते ही लोग घरों से बाहर निकलना चाहते हैं, लेकिन लॉकडाउन की वजह से वह बाहर भी नहीं निकल पाते हैं। बिजली कटौती की जब वार्ड वासियों के द्वारा जानकारी ली जाती है तो कर्मचारियों द्वारा लाइन फॉल्ट होना बता दिया जाता है। खासबात यह कि यह सिलसिला 10-15 दिन से लगातार चल रहा है। नैनपुर विद्युत विभाग से नैनपुर नगर और करीब एक सैकड़ा से अधिक गांव की सप्लाई होती है।
जबकि आबादी फीडर की सप्लाई 24 घंटे चालू रखने के लिए शासन द्वारा बिजली विभाग को निर्देशित किया गया है। बावजूद इसके रोजाना घंटों बिजली की कटौती टुकड़ों में की जा रही है खासकर बिजली विभाग द्वारा कटौती कर रात में अधिक परेशान किया जा रहा है। जबकि बिजली कटौती को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। फिर भी कटौती को बंद नहीं किया जा रहा है।
बिजली विभाग द्वारा पहले किसानों के पंप चलने को लेकर कटौती का बहाना किया जाता था, लेकिन अब कृषि पंप भी एक महीने से बंद हो गए हैं, फिर भी बिजली कटौती को बंद नहीं किया गया है। इतना ही नहीं नैनपुर में लगभग 10-15 दिन से बिजली सप्लाई को बंद किया जा रहा है। लेकिन जनप्रतिनिधि और बिजली विभाग के आला अधिकारियों को जानकारी देने पर भी किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की जा रही है।
एक तरफ बिजली कटौती की मार और वहीं दूसरी तरफ गंदे पानी की सप्लाई होने से लोग परेशान हैं। साफ पानी के लिए तरस रहे लोगों का आरोप है, कि जलकल विभाग में शिकायत करने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। लोगों का कहना है कि अब बार-बार हाथ धोना जरूरी है। ऐसे में हाथ धोने के लिए गंदे पानी का इस्तेमाल करने से संक्रमण होने का खतरा और बढ़ रहा है
नगर में पिछले 1 सप्ताह से घरों में गंदा पानी आ रहा है। लोग पानी के कैंपर और बोतलें खरीदकर काम चला रहे हैं। वार्ड के लोगों ने बताया कि टंकी आधी भरने पर पता चलता है कि गंदा पानी आ रहा है। टंकी खाली कर उसकी सफाई करने में बहुत समय लगता है। शासन के निर्देश के बावजूद पानी की सप्लाई में निगम की तरफ से लापरवाही बरती जा रही है। संक्रमण के दौर में लॉकडाउन के चलते इस विषम परिस्थिति में लोगों को पानी की पर्याप्त पूर्ति के लिए तरसना पड़ रहा है लोगों को लंबे समय से साफ पानी नहीं मिल रहा है। नगर के लगभग प्रत्येक वार्ड में नलों से गंदा पानी आ रहा है जो कि पीने योग्य नहीं है लोग उबालकर एवं इसमें फिटकरी का उपयोग कर इसे इस्तेमाल कर रहे हैं।
नल की सप्लाई प्रारंभ होते ही नलो में मटमैला पानी आना प्रारंभ हो जाता है। लॉकडाउन में लोगों का बजट पहले से ही बिगड़ा हुआ है, ऐसे में रोज-रोज पानी का कैंपर या फिर पानी की बोतल खरीदकर पीना पड़ रहा है। नगर पालिका की सप्लाई में कभी सुबह तो कभी शाम को गंदा पानी आता है। इसे टंकी में भरने से रोजाना उसे खाली कर सफाई करनी पड़ रही है। गर्मी में यह गंभीर समस्या है।
नैनपुर नगर में गंदे पानी की सप्लाई एवं बिजली कटौती का मामला नगर के जनप्रतिनिधि और बिजली विभाग की जानकारी में है। लेकिन अभी तक इस समस्या का किसी भी प्रकार का समाधान नहीं किया जा रहा है जो कि जनप्रतिनिधि मुख्य नगरपालिका अधिकारी और बिजली विभाग की लापरवाही को दर्शा रहा है। अगर यह समस्या रोजाना की है तो आला अधिकारियों को निर्देशित कर जांच कराई जानी चाहिए। लोगों की परेशानी का जल्द समाधान कराया जाना चाहिए।
नैनपुर रेवांचल टाइम्स से शालू अली की रिपोर्ट

No comments:
Post a Comment