नगर में नहीं थम रहा शराब का अवैध व्यापार, पुलिस और आबकारी विभाग ने दी मौन सहमति
रेवांचल टाइम्स :- नैनपुर नगर सहित क्षेत्र में लॉकडाउन में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद शराब का अवैध व्यापार थमा नही है।
बल्कि दोगुनी गति से नैनपुर नगर एवं ग्रामीण अंचलों में शराब की बिक्री हो रही है।
बताया जा रहा है कि मौके का फायदा उठाते हुए शराब विक्रेताओं द्वारा शराब की जमकर कालाबाजारी की जा रही है। तथा दोगुना मूल्य वसूला जा रहा है। चोरी छिपे खरीदने वाले भी बढ़े मूल्य में खरीद रहे हैं जिससे लॉकडाउन के बावजूद नगर के वार्ड में लोगों को शराब पीकर दिन दहाड़े झूमते देखा जा सकता है। नैनपुर नगर में वार्ड की स्थिति दिन पर दिन बदतर होती जा रही है। जागरूक नागरिकों एवं वार्ड वासियों ने बताया कि अवैध विक्रेता चोरी छिपे शराब लाकर बेच रहे हैं तथा खुलेआम कालाबाजारी कर चांदी काट रहे हैं। शराब के आदी हो चुके लोग मुंहमांगे दामों में शराब खरीद रहे हैं जिससे वार्ड का माहौल खराब हो रहा है। शराब की जमकर कालाबाजारी हो रही है। बताया जा रहा है कि बाहर से भी शराब लाकर बेची जा रही है जिससे शराब पर लॉकडाउन में प्रतिबंध लगाने के सारे नियम कानून शिथिल पड़ते नजर आ रहे हैं। नगर में अवैध शराब बिक्री के पुराने ठिकानों पर शराबियों की भीड़ देखी जा सकती है।
लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई बड़ी कार्यवाही शराब विक्रेताओं पर नही किए जाने से पूरा मामला मिलीभगत का नजर आ रहा है। नगर वासियों के अनुसार लॉकडाउन में शासन द्वारा शराब पर प्रतिबंध लगाना विक्रेताओं के लिए स्वर्णिम अवसर बन गया है जिसमें मिलावटी माल भी बढ़ी हुई दरों में खपाकर मौके का पूरा फायदा उठाया जा रहा है। इधर जहां अधिकारी किराना सहित अन्य सामान की दुकानों पर धड़ल्ले से कार्यवाही कर रहे हैं वहीं अवैध शराब बिक्री को लेकर कोई कार्यवाही नही होना आश्चर्यजनक है।
लॉकडाउन के बाद बंद हुई शराब और बीयर की दुकानों की वजह से शराब मिलना मुश्किल हो गया है. शराब के शौकीनों की वजह से शराब ठेकेदार और नैनपुर नगर के फुटकर विक्रेता की तो मानों चांदी हो गई है. शराब व्यापारी दोगुने से अधिक मूल्य पर शराब बेच रहे हैं. लॉकडाउन के बाद से शराब की लाइसेंसी दुकानों पर ताला लग गया जिसकी वजह से शराब ठेकेदार अपने मंसूबो को सफल बनाने में कामयाब हो रहा हैं.
इस तरह नगर में चल रहे खुलेआम अवैध व्यापार को देखकर पुलिस की मिलीभगत होने का अंदाजा लगाया जा सकता है शराब ठेकेदार को पुलिस प्रशासन और आपकारी विभाग का साथ मिल हुआ है जिसकी वजह से यह खुलेआम अपना धंधा बेरोकटोक चला रहा हैं.
यहां तक कि शराब ठेकेदार को पिछले लाॅकडाउन में नैनपुर नगर पालिका द्वारा कोरोना वॉरियर्स के नाम से सम्मानित भी किया गया है। शायद इसलिए सम्मानित किया गया है कि इन्होंने संकट के समय लॉकडाउन में नगर के प्रत्येक वार्ड में शराब की सप्लाई बंद नहीं की और आसानी से लोगों को शराब उपलब्ध कराई।
सरकारी शराब की दुकान बंद होने के बाद भी विभाग की मिलीभगत से नैनपुर नगर के लगभग प्रत्येक वार्ड में बेरोकटोक शराब बेची जा रही है.
लॉकडाउन के पहले और इस समय का दुकानों, फुटकर विक्रेताओं और गोदामों का स्टॉक मिलान हो जाए तो नगर में चल रहे शराब के अवैध व्यापार का बड़ा खुलासा हो सकता है.
नैनपुर रेवांचल टाइम्स से शालू अली की रिपोर्ट

No comments:
Post a Comment