प्रभारी मंत्री ने
ली जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक
प्रभारी मंत्री सुश्री मीना सिंह मांडवे ने कहा कि कोरोना को हराने में सभी सरकार को सक्रिय सहयोग दें। सरकार के दिशा-निर्देशों का स्वयं भी पालन करें एवं दूसरों से भी पालन कराएं। कोरोना को हराने में सभी आगे आएं। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में उपलब्ध मानव संसाधन, वैक्सीन की उपलब्धता, टेस्टिंग किट, जरूरी मशीनें, दवाईयाँ तथा अन्य संसाधनों की आंकड़ेवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में सभी दवाईयाँ पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित हो। प्रभारी मंत्री ने वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने डिमांड भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने एम्बूलेंस की स्थिति की जानकारी लेते हुए इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। सुश्री सिंह ने सीएमएचओ डॉ. सिंह से कहा कि कोरोना संकट की इस लड़ाई में चिकित्सकीय एवं पैरामेडीकल स्टॉफ की भर्ती करें।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र तथा छत्तीसगढ़ से आने वाले प्रवासियों का स्वास्थ्य चैकअप कराएं तथा चैकपोस्ट बनाकर प्रवासियों की जानकारी संधारित करें। उन्होंने पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत को निर्देशित किया कि चैकपोस्ट में पुलिस की तैनाती करें। बाजार में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अनाउंसमेंट एवं अन्य जरूरी समझाईशें दें। पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील हो। पुलिस शासन के दिशा-निर्देशों का समझाईश के साथ पालन कराएं। सुश्री सिंह ने कहा कि जिले में प्रवासियों के लिए रोजगार की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत आशीष पाठक को भी ग्रामीण विकास के अंतर्गत मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों को प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संवधर्न के क्षेत्र में विशेष कार्य कराएं ताकि जल संकट को कम से कम किया जा सके। उन्होंने नहरों की मरम्मत् एवं अन्य कार्यों पर जरूरी निर्देश भी दिए। बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्राईवेट अस्पतालों से भी कोरोना संकट में सहायता के लिए बात की जाए। ग्रामीण स्तर पर सामान्य या वायरल बुखार से संबंधित जरूरी दवाईयां भी उपलब्ध कराएं। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड वैक्सीनेशन के संबंध में अपने सुझाव दिए। इसी प्रकार निवास विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले ने संक्रमित मरीजों के लिए विशेष गाईडलाईन बनाकर उसका कड़ाई से पालन कराने का सुझाव दिए। उन्होंने सीटी स्केन एवं अन्य जरूरी दवाईयों पर भी अपने विचार रखे। विधायक बिछिया नारायण पट्टा ने घुघरी एवं बिछिया क्षेत्र में एम्बूलेंस की उपलब्धता तथा ग्रामीणों के कोविड टीकाकरण पर जरूरी सुझाव दिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में जिला प्रशासन द्वारा कोरोना नियंत्रण के लिए बनाई गई व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर शुरू किए जा रहे कोविड केयर सेंटर, टीकाकरण केन्द्र, एम्बूलेंस, वैक्सीनेशन, जरूरी स्टॉफ तथा अन्य विषयों को विस्तार से रखा। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं धर्मगुरूओं ने भी जिले की समस्याओं एवं सुझाव के संबंध में अपनी बात रखी।

No comments:
Post a Comment