कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए कई राज्यों ने पाबंदियों को और कड़ा कर दिया। आइए जानते हैं कौनसे राज्य में क्या हैं नए आदेश-
मध्यप्रदेश में नई होम आइसोलेशन गाइडलाइन : कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को लेकर मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम आइसोलेशन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि कोरोनावायरस के मामलों में वृद्धि मार्च में देखी जा रही है। मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन मृत्युदर में वृद्धि का अनुपात कम है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि सीमित संसाधनों के कारण ज्यादातर स्थित रोगी होम आइसोलेशन में रहें। इससे गंभीर रोगियों को बेड उपलब्ध कराए जा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा है कि किसे होम आइसोलेशन में भेजना है और किसे नहीं यह फैसला डॉक्टरों पर रहेगा। होम आइसोलेशन के दौरान चिकित्सक रोगी के संपर्क में रहेंगे और वे लगातार स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहेंगे।इन्हें दिया जाएगा होम आइसोलेशन : बिना लक्षण वाले मामलों में मरीज को होम आइसोलेशन में रखा जाएगा। कोरोना के माइल्ड लक्षण वाले मरीज। 60 साल से नीचे की उम्र के लोगों को होम आइसोलेशन में रखा जा सकता है। घर के सभी लोग अगर संक्रमित हैं तो सभी को होम आइसोलेशन में रखा जाएगा।
मरीज को करनी होगी यह व्यवस्था : होम आइसोलेशन के दौरान रोगी को डिजिटल थर्मामीटर और पल्स ऑक्सीमीटर रखना होगा। सर्जिकल मास्क के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताई गई दवाइयों की व्यवस्था रोगी को स्वयं करना होगी। जांच के बाद अगर 10 दिनों तक कोई लक्षण न दिखे और 3 और बुखार न आए तो होम आइसोलेशन समाप्त किया जा सकता है।
गुजरात में 4 शहरों में बढ़ाया रात का कर्फ्यू : गुजरात सरकार ने चार शहरों में लागू रात का कर्फ्यू मंगलवार को और 15 दिन यानी 15 अप्रैल तक बढ़ा दिया। अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट में लागू रात का कर्फ्यू अब 15 अप्रैल तक रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। सरकार ने जांच, संक्रमितों के सम्पर्क में आए व्यक्तियों का पता लगाने और उपचार एवं अन्य उपायों पर केंद्र के दिशानिर्देशों को लागू करने को भी 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। कोविड-19 मामलों में वृद्धि के कारण सरकार ने गत 16 मार्च को रात के कर्फ्यू के समय में दो घंटे की वृद्धि की थी जो पिछले साल नवंबर से लागू है। स्थानीय अधिकारियों ने बाद में उस समय को एक और घंटे बढ़ाने का फैसला किया। रात का कर्फ्यू 31 मार्च तक लागू रहना था। गुजरात में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,220 नए मामले सामने आए।

No comments:
Post a Comment