हरे माधव भजन संध्या,मां नर्मदा पूजन, अरदास और रथ भव्य शोभायात्रा के होंगे आयोजन, 12 एवं 13 नवंबर को माहिष्मति घाट पर सजेगा भक्तिमय माहौल
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला।जीवनमुक्त सतगुरु बाबा ईश्वरशाह साहिब जी के प्राकट्य दिवस के अवसर पर मंडला में दो दिवसीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हरे माधव परमार्थ सत्संग समिति कटनी मप्र शाखा मंडला के तत्वावधान में 12 एवं 13 नवंबर को विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। इसमें हरे माधव भजन संध्या, मां नर्मदा पूजन, हरे माधव अरदास, भगवान ईश्वरशाह जी की लीलाओं के दर्शन और भव्य शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन के पहले दिन 12 नवंबर को माहिष्मति घाट पर शाम 7 बजे मां नर्मदा जी का पूजन किया जाएगा, इसके पश्चात हरे माधव अरदास होगी। साथ ही दिल्ली से पधार रहे भाई सुनील अरोरा जी के द्वारा हरे माधव भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी। एलईडी के माध्यम से हरे माधव ब्रह्म बाल भगवान ईश्वर शाह जी की लीलाओं के श्री दर्शन भी कराए जाएंगे।
वहीं 13 नवंबर को शाम 4 बजे हरे माधव शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा ईश्वर नादम पथक दल के बाल सतगुरु सेवकों जो कि विभिन्न शहरों से पधारेंगे,उनके साथ संगीत प्रस्तुति के साथ बैगा-बैगी चौक से प्रारंभ होकर माहिष्मति घाट तक पहुंचेगी। समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
