सेवा बंद करने की आशंका, मामले की निष्पक्ष जांच कर उड़ानें नियमित संचालित करने की मांग
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - जबलपुर। जबलपुर से कोलकाता के बीच शुरू हुई एलायंस एयर की हवाई सेवा लगातार अनियमित होने और बार-बार उड़ानें रद्द किए जाने से यात्रियों में निराशा और आक्रोश व्याप्त है। सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को संचालित होने वाली इस सेवा की उड़ानें शुरुआत के कुछ ही दिनों बाद से मंगलवार और गुरुवार को लगातार रद्द की जा रही हैं। अब 22 दिसंबर 2026 को प्रातः 7:35 बजे संचालित होने वाली एलायंस एयर की फ्लाइट संख्या 9I737 को भी रद्द किए जाने की सूचना ई-मेल के माध्यम से यात्रियों को दी गई है। इससे इस हवाई सेवा के भविष्य को लेकर भी आशंकाएं गहराने लगी हैं।
उल्लेखनीय है कि जबलपुर से कोलकाता के लिए पूर्व में इंडिगो, स्पाइसजेट एवं जूम एयरलाइंस द्वारा भी हवाई सेवाएं प्रारंभ की गई थीं, लेकिन कुछ समय बाद इन कंपनियों ने अपनी सेवाएं बंद कर दी थीं। उस समय यात्रियों की संख्या कम होना इसका प्रमुख कारण बताया गया था। जबकि वर्तमान में जबलपुर से कोलकाता के बीच यात्रियों की अच्छी संख्या होने के बावजूद एलायंस एयर द्वारा लगातार उड़ानें रद्द किया जाना समझ से परे है।
सिटी बंगाली क्लब के अध्यक्ष सुब्रत पाल सहित प्रकाश साहा, श्रीमती तृष्णा चटर्जी, सुरेंद्र पाल, सुरजीत गुहा, आशीष घोष, अनुराग पाल, तापस चक्रवर्ती, शेखर डे एवं विजय भट्टाचार्य आदि ने इस स्थिति पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार उड़ानें रद्द किए जाने से यात्रियों का एयरलाइन कंपनी पर भरोसा कमजोर हो रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि किसी न किसी बहाने इस महत्वपूर्ण हवाई सेवा को बंद करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सेवा बंद करने के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि जबलपुर और कोलकाता के बीच बड़ी संख्या में लोगों का पारिवारिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संपर्क है। बंगाली समाज के लिए यह हवाई सेवा विशेष महत्व रखती है। इसके अतिरिक्त मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच आवागमन को सुगम बनाने की दृष्टि से भी यह सेवा अत्यंत आवश्यक है।
सिटी बंगाली क्लब एवं बंगाली समाज ने केंद्र सरकार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, सांसद एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि एलायंस एयर की उड़ानों के लगातार रद्द होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जाए तथा जबलपुर–कोलकाता हवाई सेवा को नियमित रूप से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जाए। साथ ही भविष्य में इस सेवा को बंद नहीं किया जाए, ताकि यात्रियों का विश्वास बना रहे और जबलपुर को कोलकाता से हवाई मार्ग द्वारा नियमित संपर्क मिलता रहे।
.jpg)