Breaking

revanchal times new

मंडला में अवैध शराब का कारोबार बेखौफ! 3000 किलो महुआ लाहन नष्ट, फिर भी शहर से गांव तक फैला शराब का जाल




नर्मदा किनारे रेत में दबाकर चल रही थी कच्ची शराब की फैक्ट्री, 40 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त, तीन अज्ञात आरोपियों पर प्रकरण दर्ज


रेवांचल टाइम्स  मंडला जिले में अवैध शराब का कारोबार आखिर किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है आबकारी विभाग और पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। जिला मुख्यालय से लेकर शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों तक अवैध शराब का कारोबार लगातार जारी हैं। ढाबों, होटलों और गली मोहल्लों तक शराब की अवैध बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर कार्रवाई के बाद भी शराब का यह नेटवर्क टूट क्यों नहीं रहा।


इसी बीच 16 नवंबर 2026 को आबकारी विभाग ने ग्राम गोंझी में नर्मदा नदी के किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई में करीब 300 डिब्बों में छिपाकर रखा गया 3000 किलोग्राम महुआ लाहन और 40 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की गई। जब्त महुआ लाहन और शराब की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 6 हजार रुपये बताई गई है।


रेत के नीचे छिपाकर रखा था 3000 किलो महुआ लाहन


जानकारी के अनुसार कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में मंडला वृत्त की आबकारी टीम ने ग्राम गोंझी में नर्मदा नदी के किनारे दबिश दी। यहां शराब निर्माण के लिए महुआ लाहन को जमीन और रेत के अंदर डिब्बों में छिपाकर रखा गया था। आबकारी दल ने तलाशी के दौरान करीब 300 डिब्बे बरामद किए। प्रत्येक डिब्बे में लगभग 10 किलोग्राम महुआ लाहन रखा हुआ था। इस तरह कुल 3000 किलोग्राम महुआ लाहन मौके पर मिला।


टीम ने मौके से लगभग 40 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भी जब्त की। अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे बर्तनों को भी घटनास्थल पर ही नष्ट किया गया। बरामद महुआ लाहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया, ताकि इससे शराब का निर्माण नहीं किया जा सके।


कार्रवाई की भनक लगते ही भागे शराब निर्माता


आबकारी विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो अवैध शराब निर्माण में संलिप्त व्यक्ति आबकारी बल को देखकर भाग निकले। फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है। विभाग ने अवैध रूप से शराब निर्माण के मामले में तीन प्रकरण अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध पंजीबद्ध किए हैं।


इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, सचिन मंडलोई, हरे सिंह उइके, भानु पुशाम, प्रआरक्षक विजय कमलेश, कन्हैया उइके, विकास कौरव, हिमांशी धुर्वे, शकुंतला सैयाम एवं नेतराम काकोटिया शामिल रहे।


छापेमारी से आगे बढ़कर नेटवर्क तक पहुंचना जरूरी


गोंझी में 3000 किलो महुआ लाहन की बरामदगी यह बताने के लिए काफी है कि अवैध शराब का निर्माण छोटे स्तर पर छिपकर ही नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर भी किया जा रहा है। सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में महुआ लाहन कहां से आया, शराब निर्माण के लिए कच्चा माल कौन उपलब्ध करा रहा था और तैयार शराब की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी


वहीं जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री को लेकर उठ रही शिकायतों की भी गंभीरता से जांच जरूरी है। केवल निर्माण स्थलों पर दबिश देकर लाहन नष्ट करना पर्याप्त नहीं होगा। अवैध शराब की सप्लाई चेन, परिवहन और बिक्री के ठिकानों तक पहुंचना भी आवश्यक है।


आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब का निर्माण और विक्रय करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। लेकिन असली सफलता तभी मानी जाएगी, जब अवैध शराब बनाने वालों के साथ-साथ इसके कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई हो और जिले में अवैध शराब की बिक्री पर वास्तविक रोक लग सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new