Breaking

revanchal times new

70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग समापन, भोपाल संभाग बना ओवरऑल चैंपियन

70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग समापन, भोपाल संभाग बना ओवरऑल चैंपियन

खेल जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देते हैं : विधायक डॉ. अभिलाष पांडे

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। चार दिनों तक चली जूडो एवं गतका प्रतियोगिताओं में प्रदेश के विभिन्न संभागों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भोपाल संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।



5 से 8 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता के अंतर्गत जूडो में 14, 17 एवं 19 वर्ष तथा गतका में 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। समापन समारोह महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) विद्यालय के खेल परिसर में विधायक डॉ. अभिलाष पांडे के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सरस्वती वंदना और आकर्षक मार्चपास्ट से सजा समापन समारोह

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों ने बैंड दल की मधुर धुनों पर अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा।

खेलों से बढ़ता है आत्मबल, अनुशासन और एकाग्रता : विधायक पांडे

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन और एकाग्रता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से प्राप्त अनुभव जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि शालेय खेल, खेलो इंडिया और खेलो एमपी जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही हैं। खेलों का उद्देश्य केवल पदक या प्रमाणपत्र प्राप्त करना नहीं, बल्कि खेल भावना, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के माध्यम से जीवन के लक्ष्यों को हासिल करना भी है।

विधायक पांडे ने विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों को संस्कारधानी जबलपुर की सांस्कृतिक विरासत, जीवनदायिनी मां नर्मदा, डुमना नेचर पार्क और विश्वप्रसिद्ध धुआंधार जलप्रपात से भी परिचित कराया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आशा व्यक्त की कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर भारत का नाम रोशन करेंगे।

गतका प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम

17 वर्ष बालक वर्ग : इंदौर संभाग विजेता, जबलपुर संभाग उपविजेता और ग्वालियर संभाग तृतीय स्थान पर रहा।

17 वर्ष बालिका वर्ग : उज्जैन संभाग विजेता, भोपाल संभाग उपविजेता और इंदौर संभाग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

19 वर्ष बालक वर्ग : इंदौर संभाग विजेता रहा। उज्जैन और ग्वालियर संभाग संयुक्त रूप से उपविजेता रहे, जबकि जबलपुर संभाग तीसरे स्थान पर रहा।

19 वर्ष बालिका वर्ग : भोपाल संभाग ने प्रथम, उज्जैन संभाग ने द्वितीय और ग्वालियर संभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

जूडो प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम

14 वर्ष बालक वर्ग : भोपाल संभाग विजेता, ग्वालियर संभाग उपविजेता और उज्जैन संभाग तृतीय स्थान पर रहा।

14 वर्ष बालिका वर्ग : भोपाल संभाग ने प्रथम, जबलपुर संभाग ने द्वितीय और जनजातीय कार्य विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

17 वर्ष बालक वर्ग : भोपाल संभाग विजेता, ग्वालियर संभाग उपविजेता और उज्जैन संभाग तीसरे स्थान पर रहा।

17 वर्ष बालिका वर्ग : भोपाल संभाग ने प्रथम, ग्वालियर संभाग ने द्वितीय और जनजातीय कार्य विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

19 वर्ष बालक वर्ग : भोपाल संभाग विजेता, इंदौर संभाग उपविजेता और ग्वालियर संभाग तीसरे स्थान पर रहा।

19 वर्ष बालिका वर्ग : जबलपुर संभाग ने प्रथम, भोपाल संभाग ने द्वितीय और ग्वालियर संभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

भोपाल संभाग का शानदार प्रदर्शन

जूडो के विभिन्न आयु वर्गों में प्रभावशाली प्रदर्शन और गतका प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट खेल के दम पर भोपाल संभाग ने पूरी प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

नौ संभागों से करीब 700 खिलाड़ियों और अधिकारियों की सहभागिता

जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के नौ संभागों से लगभग 700 बालक-बालिकाओं एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। जूडो प्रतियोगिताएं महारानी लक्ष्मीबाई विद्यालय में तथा गतका प्रतियोगिताएं दशमेश हॉल, मदन महल में आयोजित की गईं।

प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए कंट्रोल रूम, खेल मैदान, परिवहन, आवास और भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। विभिन्न कार्यों के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की समितियां और दल गठित किए गए थे। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए शहर के 15 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग आवास व्यवस्था की गई थी।

जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

समापन समारोह में इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में लोक शिक्षण भोपाल से ऑब्जर्वर डीएस धुर्वे, मनोज दुबे, डीपीसी योगेश शर्मा, सहायक संचालक सोनम कटारे, जिला क्रीड़ा अधिकारी मधुमिता हाजरा, संभागीय खेल अधिकारी आशा सिसोदिया, जूडो कोच आबिद खान, डीके गुप्ता, राजेश जगाती, रुक्मणी कनौजिया, आभा वानखेड़े, माधुरी साठे, अजय रजक, कृष्णकांत शर्मा, केके चौबे, सारिका खान, मीनूकांत शर्मा और चंद्रशेखर स्वामी सहित विभिन्न संभागों के जनरल मैनेजर, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

चार दिनों तक चली इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अनुशासन, आपसी सहयोग और खेल भावना का परिचय देने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new