ट्रेन में यात्री की जेब से उड़ाया था 71 हजार का आईफोन, पांच महीने बाद जीआरपी ने किया बरामद
वेंडर का काम करने वाले 19 वर्षीय युवक से पूछताछ में खुलासा, चोरी के मोबाइल में अपनी सिम डालकर कर रहा था इस्तेमाल
दैनिक रेवाँचल टाईम्स | जबलपुर। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान की चोरी के मामलों के बीच जीआरपी जबलपुर को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। करीब पांच महीने पहले इटारसी से जबलपुर आ रही ट्रेन में एक यात्री की जेब से चोरी किया गया एप्पल आईफोन 15 पुलिस ने बरामद कर लिया है। बरामद मोबाइल की कीमत 71 हजार 600 रुपये बताई गई है। मामले में 19 वर्षीय युवक आलोक दोहरे से पूछताछ के दौरान चोरी की घटना का खुलासा हुआ।
भीड़ का फायदा उठाकर यात्री की जेब से चुराया मोबाइल
जीआरपी के अनुसार, संदेही आलोक दोहरे, पिता प्रेमनारायण दोहरे, निवासी ग्राम पीला झंडा, थाना मेहगांव, जिला भिंड, मध्यप्रदेश, ट्रेनों में वेंडर का काम करता था। पुलिस के मुताबिक करीब पांच महीने पहले इटारसी से जबलपुर आ रही ट्रेन के जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उसने भीड़ का फायदा उठाकर एक यात्री की पैंट की जेब से एप्पल आईफोन 15 चोरी कर लिया था।
चोरी के आईफोन में अपनी सिम डालकर करने लगा इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक मोबाइल चोरी करने के बाद युवक ने उसमें अपनी सिम डाल ली और उसका इस्तेमाल करने लगा। जीआरपी जबलपुर में 9 अक्टूबर 2026 को दर्ज एक अपराध की जांच के दौरान आलोक दोहरे का नाम सामने आया।
मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। जीआरपी का दावा है कि पूछताछ में युवक ने करीब पांच महीने पहले ट्रेन में मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की।
71 हजार 600 रुपये का आईफोन जब्त
पूछताछ के बाद युवक की निशानदेही पर जीआरपी ने चोरी किया गया एप्पल आईफोन 15 बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 71,600 रुपये है।
जीआरपी टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में जीआरपी जबलपुर की थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, प्रधान आरक्षक कृष्णकांत तिवारी और प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल एवं अन्य कीमती सामान चोरी करने की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई हैं। ऐसे में यात्रियों को भी सफर के दौरान अपने मोबाइल, पर्स और अन्य जरूरी सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है।
