लम्हेटा बायपास पर गांजे की खेप के साथ दो युवक गिरफ्तार, ओडिशा से जबलपुर तक जुड़ रहे सप्लाई नेटवर्क के तार
पुलिस का दावा—तितलागढ़ से ट्रेन के जरिए नागपुर और फिर बस से जबलपुर लाई गई खेप; 3 किलो 978 ग्राम गांजा और मोबाइल जब्त
जबलपुर। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने लम्हेटा बायपास क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 978 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 98 हजार 900 रुपये बताई गई है। एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस को देखकर भागने का प्रयास, घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार कार्रवाई 20 सितंबर 2026 की रात पेट्रोलिंग के दौरान की गई। तिलवारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम लम्हेटा बायपास क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान अमर टायर वाले के टपरे के सामने दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। इनमें से एक के पास नीले रंग का पिट्ठू बैग था।
पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवकों की पहचान हिमांशु कश्यप (21), निवासी क्रेशर बस्ती तिलवारा और दिनेश गोंड ठाकुर (28), निवासी दुर्गा मंदिर के पीछे क्रेशर बस्ती तिलवारा के रूप में हुई।
नीले बैग की तलाशी में मिला गांजा
पुलिस के मुताबिक दिनेश गोंड के पास मौजूद नीले रंग के बैग की तलाशी लेने पर एक बड़ा पैकेट मिला। उसके अंदर दो छोटे पैकेट पाए गए, जिनमें गांजा होने का दावा पुलिस ने किया है। पूछताछ में एक पैकेट दिनेश और दूसरा हिमांशु का होने की जानकारी मिलने की बात कही गई है।
तितलागढ़ से नागपुर और फिर बस से जबलपुर
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे क्रेशर बस्ती निवासी प्रेम बर्मन के कहने पर ओडिशा के तितलागढ़ गए थे। वहां मोबाइल फोन के जरिए संपर्क में रहने और तितलागढ़ स्टेशन पर शंभू नामक व्यक्ति से गांजा मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि गांजे की रकम प्रेम बर्मन द्वारा ऑनलाइन भुगतान किए जाने की जानकारी भी पूछताछ में मिली है। इसके बाद दोनों युवक कथित तौर पर गांजा लेकर ट्रेन से नागपुर पहुंचे और वहां से बस के जरिए जबलपुर आए।
3 किलो 978 ग्राम गांजा जब्त
जबलपुर पहुंचने के बाद दोनों युवक लम्हेटा बायपास क्षेत्र में पहुंचे, जहां पुलिस की गश्त के दौरान उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गांजे की तौल कराई गई, जिसमें उसका कुल वजन 3 किलो 978 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 98 हजार 900 रुपये बताई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला, अब नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8 एवं 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आए नामों और कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा उपलब्ध कराने, भुगतान कराने और जबलपुर तक खेप पहुंचाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
कार्रवाई थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक पी.एल. बंसल, आरक्षक शैलेन्द्र, राजेश गुप्ता, देवा और दुर्गेश चौधरी शामिल रहे।
अपराध शाखा की टीम में डीएसपी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक संतोष पांडे, अशोक मिश्रा, प्रधान आरक्षक मनीष सिंह तथा आरक्षक इंद्रजीत, संतोष और प्रीतम उपाध्याय की भूमिका रही।
