रेवांचल टाईम्स:हिंदू धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व होता है और साल में 4 बार नवरात्रि आते हैं. इसमें दो गुप्त नवरात्रि, एक चैत्र नवरात्रि और एक शारदीय नवरात्रि शामिल हैं. इनमें से शारदीय नवरात्रि का विशेष महत्व है और इन्हें बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है. शारदीय नवरात्रि आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होते हैं. इस बार इनकी शुरुआत 26 सितंबर से होगी और 5 अक्टूबर को समाप्त होंगे. जितना महत्व नवरात्रि का होता है उतना ही मां दुर्गा के उस वाहन का होता है जिस पर वह सवार होकर आती हैं. आइए जानते हैं शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा की सवारी क्या होगी?
हाथी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस बार शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा की सवारी बेहद ही महत्वपूर्ण होती है. उनकी सवारी से शुभ व अशुभ का अंदाजा लगाया जाता है. इस साल शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा का वाहन हाथी होगा. इस बार मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आएंगी. ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक इस बार शारदीय नवरात्रि सोमवार से शुरू हो रहे हैं और यदि नवरात्रि सोमवार से शुरू हों तो मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आती हैं.
मां दुर्गा की सवारी शुभ या अशुभ
हर बार मां दुर्गा अलग-अलग वाहनों पर सवार होकर आती हैं. मां दुर्गा की सवारी घोड़ा, भैंस, डोली, मनुष्य, नांव या हाथी होते हैं. ये सभी वाहन शुभ व अशुभ का संकेत देते हैं. नांव व हाथी पर सवार होकर आना बेहद ही शुभ माना जाता है. मान्यता है कि अगर मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आती हैं तो वह अपने साथ सुख-समृद्धि और खुशियां लेकर आती हैं.

No comments:
Post a Comment