रेवांचल टाईम्स - महिलाओं में दिखा विशेष उत्साह, मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही लगी कतारें लांजी मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज 08 जुलाई 2022 को तृतीय चरण में बालाघाट जिले के तीन विकासखंड बालाघाट, लालबर्रा एवं बिरसा में त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतदान कराया गया। आज 08 जुलाई को मतदान केन्द्रों पर सुबह 06 बजे से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थी। जिले के तीनों विकासखंड के ग्रामों में मतदान के प्रति मतदाताओं, युवाओं एवं बुजुर्गो में उत्साह देखा गया। विशेषकर महिला महिलाओं में गांव के विकास के लिए अपनी पसंद का उम्मीदवार चुनने की तत्परता दिखाई दी।
जिले के तीनों विकासखंडों में मतदान के लिए व्यवस्थित मतदान कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई थी। सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किये गये थे। दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं को मतदान करने में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर की व्यवस्था की गई थी। जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक मतदान सम्पन्न कराने के लिए सभी मतदान केन्द्रों पर निगरानी रखने के लिए सेक्टर आफिसर के अतिरिक्त अन्य अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी।
बिरसा विकासखंड के दूरस्थ ग्रामों में भी भारी मतदान हुआ
जिले के बिरसा विकासखंड के आदिवासी बाहुल्य एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र के ग्रामों में भी ग्रामीणों ने बड़े उत्साह के साथ मतदान किया है। मछुरदा, सोनगुड्डा, डाबरी, पितकोना, सुरंदवाही, रघोली, सालेटकरी, अडोरी, चिलोरा, चौरिया के मतदान केन्द्रों में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा के पुरूषों एवं महिलाओं की लंबी कतारें देखी गई।
लगभग 80 प्रतिशत मतदान होने का अनुमान
मतदान के लिए निर्धारित समय दोपहर 03 बजे तक जिले के तीन विकासखंड बालाघाट, लालबर्रा एवं बिरसा के ग्रामों में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका था। दोपहर 03 बजे तक बालाघाट में विकासखंड में 65 प्रतिशत, लालबर्रा में 77 प्रतिशत एवं बिरसा में 80 प्रतिशत मतदान हुआ है। जो मतदाता 03 बजे तक मतदान केन्द्र पहुंच गये हैं, उन्हें मतदान करने के लिए पर्ची बांट दी गई है । दोपहर 03 बजे के बाद लालबर्रा विकासखंड के 107 मतदान केन्द्रों पर 7464 पर्चियां वितरित की गई है। जिन लोगों को पर्ची दी गई उन सभी लोगों से मतदान कराया जायेगा। सम्पूर्ण मतदान समाप्त होने के बाद तृतीय चरण के पंचायत निर्वाचन में जिले के तीन विकासखंड में 80 प्रतिशत के लगभग मतदान होने का अनुमान है। जिले के तीनों विकासखंड में शांतिपूर्वक मतदान हुआ है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या विवाद की सूचना नहीं है। जिन मतदान केन्द्रों पर मतदान समाप्त हो गया है वहां पर मतगणना प्रारंभ कर दी गई है।
कलेक्टर ने बालाघाट एवं लालबर्रा विकासखंड के मतदान केन्द्रों में पहुंचकर मतदान का जायजा लिया
कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने 08 जुलाई को बालाघाट एवं लालबर्रा विकासखंड के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान की स्थिति का जायजा लिया और मतदान दल के सदस्यों से चर्चा की। कलेक्टर डॉ मिश्रा सबसे पहले बालाघाट विकासखंड के ग्राम भटेरा पहुंचे थे। उसके बाद वे ग्राम खैरी, कुम्हारी, धापेवाड़ा, आमगांव, समनापुर, मगरदर्रा तथा लालबर्रा विकासखंड के ग्राम ददिया, खामघाट, मुरझड़, मोहगांव(धपेरा), बेहरई, कनकी एवं गर्रा के मतदान केन्द्र पहुंचे और मतदान की व्यवस्था का जायजा लिया। सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी लाईन लगी मिली। जिन केन्द्रों पर मतदान की गति धीमी थी, वहां के पीठासीन अधिकारियों को मतदान में तेजी लाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोपहर 03 बजने के पहले ही केन्द्र के परिसर में घोषणा कर दें कि जिन लोगों को मतदान करना है वे 03 बजे तक मतदान केन्द्र के परिसर में आ जायें और ऐसे मतदाताओं को अपने हस्ताक्षर वाली पर्चियां बांट दें। उन्होंने सुरक्षा में लगे जवानों को निर्देशित किया कि जिन लोगों ने मतदान कर दिया है, उन्हें मतदान परिसर केन्द्र के परिसर से बाहर करें।
कुम्हारी के सचिव को निलंबित करने के निर्देश
कलेक्टर डॉ मिश्रा ग्राम कुम्हारी के हायर स्कूल भवन में बनाये गये तीन मतदान केन्द्रों के निरीक्षण में पहुंचे तो उन्हें वहां पर अव्यवस्था नजर आयी। महिला मतदाताओं को बैठने के लिए सचिव लालजी दमाहे द्वारा उचित व्यवस्था नही की गई थी। मतदाताओं के लिए पीने के पानी का भी इंतजाम नहीं किया गया था। मतदान केन्द्र में सुरक्षा के लिए तैनात जवान ने बताया कि सचिव को रात में भी बताया गया कि पानी का इंतजाम करा दें। लेकिन सचिव द्वारा सुबह तक मतदान केन्द्र में पानी का इंतजाम नहीं किया गया था। कलेक्टर डॉ मिश्रा ने इस लापरवाही पर ग्राम पंचायत कुम्हारी के सचिव लालजी दमाहे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिये।
संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सीसीटीव्ही कैमरे से रखी गई निगरानी
लालबर्रा विकासखंड के अंतर्गत संवेदनशील मतदान केन्द्र के रूप में चिन्हित ग्राम गर्रा, कनकी, बेहरई, रानीकुठार, चंदपुरी के मतदान केन्द्रों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाकर निगरानी रखी गई।
आमगांव के मतदान अधिकारी क्रमांक-03 को अस्पताल में भर्ती कराया गया
बालाघाट विकासखंड के अंतर्गत ग्राम आमगांव के मतदान दल के सदस्य मतदान अधिकारी क्रमांक-03 महेश मेहरबान का सुबह स्वास्थ्य खराब होने पर अपर कलेक्टर शिवगोविंद मरकाम ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर महेश मेहरबान को जिला चिकित्सालय बालाघाट में उपचार के लिए लेकर आये और उसे भर्ती कराया गया। महेश मेहरबान का ब्लड प्रेशर कम होने के कारण उसे चक्कर आ गया था। उपचार के बाद उसकी स्थिति ठीक है। आमगांव के मतदान दल में रिजर्व से एक कर्मचारी देकर मतदान की व्यवस्था बनाई गई।
कलेक्टर डॉ मिश्रा ने बालाघाट एवं लालबर्रा क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का भ्रमण करने के साथ ही तीनों विकासखंड के निर्वाचन पर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पैनी नजर बनाये रखी और जहां कहीं पर भी कमियां एवं समस्या नजर आयी उसे दूर करने के लिए अधिकारियों को सतत निर्देश देते रहे। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया के दौरान वे अधिकारियों से सम्पर्क बनाये रहे ।
प्रथम एवं द्वितीय चरण के मतदान की तरह ही तीसरे चरण में भी जिले के ग्रामीण मतदाताओं ने मतदान के प्रति जागरूकता एवं उत्साह दिखाया है। मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत मतदाताओं को प्रोत्साहित किया गया था कि गांव के विकास के लिए वे सारे काम छोड़कर सबसे पहले अपनी पसंद के उम्मीदवार के लिए मतदान करने अवश्य जायें। सभी विभागों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया गया। जिसके फलस्वरूप तीसरे चरण में भी जिले में 80 प्रतिशत के लगभग मतदान होने का अनुमान है।
कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा, जिला पंचायत के सीईओ विवेक कुमार एवं बालाघाट एसडीएम संदीप सिंह अन्य अधिकारियों के साथ 07 जुलाई की रात्री में ग्राम नैतरा के मतदान केन्द्र पहुंचे और उन्होंने मतदान के साथ मतदान केन्द्र में ही भोजन किया।



No comments:
Post a Comment