रेवांचल टाइम्स :कर्नाटक के चामराजनगर जिले में सोमवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया. यहां पर एक महिला ने मां की ममता की बलि देते हुए अपने बच्चे को कूड़ेदान में फेंक दिया. बाद में वह यह कहते हुए पुलिस के पास आई कि वह असहाय है और बच्चे की परवरिश नहीं कर सकती. स्थानीय लोगों ने सुबह तड़के कोल्लेगल के पास मत्तीपुरा बस स्टॉप पर दो दिन के बच्चे को कूड़ेदान में पड़ा देखा. ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बच्चे को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया.
इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया. लोगों ने नवजात बच्चे को कूड़ेदान में छोड़ने के लिए मां की निंदा की. गनीमत यह रही कि राहगीरों ने उस बच्चे को समय पर देख लिया, वरना गली के कुत्ते उसे नोंच डालते. मां बाद में पुलिस के सामने पेश हुई और दावा किया कि वह अकेली है, क्योंकि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है और उसके पास आय का कोई साधन नहीं है. मां ने आगे कहा कि वह बच्चे को पालने को तैयार नहीं है, क्योंकि वह बच्चे को पालने का खर्च नहीं उठा सकती. उसके दावों की पुष्टि करने के बाद, स्थानीय पुलिस ने बच्चे को उसे सौंप दिया.
पुलिस ने उसे चेतावनी दी कि जब तक कोई गोद लेने वाला नहीं मिल जाता, तब तक वह बच्चे को नुकसान न पहुंचाए. इस संबंध में पुलिस अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर रही है. कोल्लेगल ग्रामीण पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस घटना के बाद लोग तरह-तरह की बातें कर रही हैं. फिलहाल बच्चा अपनी मां के पास सुरक्षित है.
.jpg)
No comments:
Post a Comment