मण्डला 4 जुलाई 2022
1 जुलाई 2022 से सिंगल यूज प्लास्टिक
बैन की गई है। इस संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के सभी नगरीय निकायों, सीईओ जनपद,
स्कूल शिक्षा विभाग तथा संबंधितों की बैठक ली। बैठक में
उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के बैन के संबंध में शहरी एवं ग्रामीण
क्षेत्रों में सघन रूप से जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों
में जागरूकता अभियान के अंतर्गत कचरा गाड़ियों में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन संबंधी
गाने, अनाउंसमेंट, घर-घर दस्तक आदि करें। इसी
प्रकार शहरी क्षेत्र में प्लास्टिक उत्पादों से संबंधित कारखानों एवं दुकानों में
सिंगल यूज प्लास्टिक बैन संबंधित प्रतिबंधों के नोटिस दें एवं तामिल कराएं।
दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर तत्काल एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसी
प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्कूल, आंगनवाड़ी
केन्द्रों एवं विद्यार्थियों के माध्यम से सघन जागरूकता अभियान चलाएं।
बैन प्लास्टिक के विकल्पों के
बारे में भी बताएं
कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकाय, सीईओ जनपद तथा स्कूल शिक्षा विभाग अपने क्षेत्रों में बैन किए गए प्लास्टिक
उत्पादों की जानकारी दें। इसी प्रकार अब नए विकल्पों के बारे में भी व्यापक रूप से
स्थानीय जनता को जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि स्कूल एवं कॉलेजों में
विद्यार्थियों के माध्यम से प्लास्टिक बैन अभियान को गति दें। विद्यार्थियों के
माध्यम से उनके घर एवं अभिभावक भी जागरूक होंगे। कलेक्टर ने डीपीएम, एनआरएलएम को निर्देशित किया कि स्व-सहायता समूह की दीदियों को बैन प्लास्टिक
के विकल्पों को तैयार करने के संबंध में प्रशिक्षण दें तथा सामग्री आदि उपलब्ध
कराएं।
श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी सीएमओ, सीडीपीओ एवं सीईओ जनपद अपने अमले के माध्यम से आगामी 2-3 दिन सघन जागरूकता अभियान संचालित करें। इसी प्रकार घाटों एवं पर्यटन
क्षेत्रों में भी बैन प्लास्टिक के संबंध में जानकारी दें एवं स्थानीय स्तर पर
विकल्पों के बारे में भी बताएं। उन्होंने लेबर ऑफीसर एवं जीएमडीआईसी को निर्देशित
किया कि मनेरी औद्योगिक क्षेत्र सहित जिलेभर में प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण
संबंधी जानकारी लें। ऐसे उत्पादकों को शासन के नए दिशा-निर्देशों की जानकारी दें
तथा उल्लंघन पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment