BREAKING
जवाहर नवोदय विद्यालय से दो छात्र लापता | एमपी में बड़ा प्रशासनिक फैसला | जबलपुर में सनसनीखेज वारदात
महिलाएँ स्वयं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन आगे बढ़ें - रास सांसद श्रीमती उईके...अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं हुई सम्मानित - revanchal times new

revanchal times new

निष्पक्ष एवं सत्य का प्रवर्तक

Breaking

aaj ka akhbar padhen

आज का ई-पेपर

पूरा अखबार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें।

ई-पेपर Viewer

Tuesday, March 8, 2022

महिलाएँ स्वयं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन आगे बढ़ें - रास सांसद श्रीमती उईके...अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं हुई सम्मानित

मण्डला 8 मार्च 2022

8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का जिला स्तरीय आयोजन रानी दुर्गावती महाविद्यालय के प्रांगण में किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान भी किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजन में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, एसडीएम निवास शिवाली सिंह, एसडीओपी नैनपुर आकांक्षा चतुर्वेदी, महिला जिला पंचायत सदस्य, महिला पार्षदगण, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग रोहित बड़कुल, परियोजना अधिकारी मंडला अनूप नामदेव सहित विभिन्न विभागों की महिला शासकीय सेवक, खिलाड़ी, स्व-सहायता समूह की दीदियाँ तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल कर जिले को गौरवान्वित करने वाली महिलाएं उपस्थित थी।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद ने अपने संबोधन की शुरूआत यत्र नार्यस्तु पूज्यंते, रमंते तत्र देवताउक्ति से की। उन्होंने राजनीति, प्रशासन, खेल सहित विभिन्न गतिविधियों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की। श्रीमती उईके ने कहा कि महिलाओं के लिए हर दिन खास होता है किन्तु अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हम सभी के लिए विशेष है। उन्होंने कलेक्टर हर्षिका सिंह के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गांव की पढ़ी-लिखी महिलाओं द्वारा निरक्षर महिलाओं को साक्षर बनाने के ज्ञानालय कार्यक्रमकी सराहना की। जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी ने अपने संबोधन में कहा कि ईश्वर की सबसे सुंदर रचनाओं में नारी सर्वप्रमुख है। उन्होंने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी बहनें अपने-अपने क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें। नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ते हुए सफलता के सोपान गढ़े।

 

मंडला जिला महिला सशक्तिकरण का अद्भुत उदाहरण - हर्षिका सिंह

 

                कलेक्टर ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि जिले में पंचायत से लेकर राज्यसभा तक महिला जनप्रतिनिधियों का वर्चस्व है। इसी प्रकार जिले के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भी महिला अधिकारियों की पदस्थापना है। उन्होंने कहा कि मंडला जिले में लिंगानुपात भी सकारात्मक है। अतः कहा जा सकता है कि मंडला जिला महिला सशक्तिकरण का अद्भुत उदाहरण है। श्रीमती सिंह ने कहा कि मंडला जिले की महिलाओं की समस्याओं को दूर करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की है कि साक्षर बनें। स्वयं साक्षर बनके अपने आसपास की महिलाओं को भी साक्षर बनाएं। इसी प्रकार अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए परिवार की अन्य महिला सदस्यों को भी अच्छे स्वास्थ्य के लिए सजग बनाएं। कलेक्टर ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की अपील भी की।

कार्यक्रम को जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड ने शुभकामना संदेश देते हुए संबोधित किया। इसी प्रकार एडीएम मीना मसराम ने भी महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति विशेष जागरूकता रखने की बात कही। एसडीएम निवास शिवाली सिंह ने महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं को तनाव प्रबंधन एवं खुश रहने के टिप्स दिए। इसी प्रकार एसडीओपी नैनपुर आकांक्षा चतुर्वेदी ने नारी सशक्तिकरण पर अपने विचार रखते हुए कविता पाठ किया। नायब तहसीलदार शीतल चंद्रवंशी तथा साक्षी शुक्ला ने भी महिला दिवस के अवसर पर अपने विचार रखे। इसके पूर्व कार्यक्रम का स्वागत भाषण निधि अग्रवाल ने दिया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी।

 

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं हुई सम्मानित

 






                अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगरपालिका, महिला बाल विकास विभाग, आजीविका समूह, उद्योग, कृषि, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, समाजसेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मंच से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार विभिन्न खेल गतिविधियों में जिले का नाम रोशन करने वाली राष्ट्रीय तथा राज्य स्तर की खिलाड़ियों को भी अतिथियों ने सम्मानित किया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम के आयोजन संबंधी व्यवस्था परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव ने की तथा कार्यक्रम का मंच संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।


No comments:

Post a Comment