BREAKING
जवाहर नवोदय विद्यालय से दो छात्र लापता | एमपी में बड़ा प्रशासनिक फैसला | जबलपुर में सनसनीखेज वारदात
बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण के लिए चलाएं विशेष अभियान - हर्षिका सिंह - revanchal times new

revanchal times new

निष्पक्ष एवं सत्य का प्रवर्तक

Breaking

aaj ka akhbar padhen

आज का ई-पेपर

पूरा अखबार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें।

ई-पेपर Viewer

Monday, February 14, 2022

बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण के लिए चलाएं विशेष अभियान - हर्षिका सिंह

 समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न

 




मण्डला 14 फरवरी 2022

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि टीकाकरण से छूटे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन करें तथा विशेष अभियान संचालित करते हुए अगले एक सप्ताह में उनका नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करें। बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं का शतप्रतिशत टीकाकरण कराना स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की सम्मिलित जिम्मेदारी है। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीकाकरण से छूटे बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करें, उनके घरों के सामने निशान लगाएं तथा घर-घर भेजकर वंचित बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना बनाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की विभाग प्रमुख स्वयं समीक्षा करते हुए सकारात्मक तरीके से निराकरण करें। भुगतान से संबंधित प्रकरणों का 3 दिन में निराकरण करें। राजस्व तथा वन विभाग में सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की संख्या अधिक है, संबंधित अधिकारी अगले 3 दिवस में विशेष अभियान चलाकर इन प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि ओला तथा बारिश हुए नुकसान के संबंध में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कराएं तथा प्रभावित लोगों को पात्रतानुसार राहत दिलाने की कार्यवाही करें। जल-जीवन मिशन की संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित अमले तथा एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जल जीवन मिशन सहित सभी विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों को जल्द पूर्ण कराएं। उन्होंने निर्देशित किया कि पशु बीमा के संबंध में पशुपालकों को जानकारी उपलब्ध कराएँ। रोजगार मेला के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएँ। प्राचीन बावली के जीर्णोद्धार कार्य जल्द कराएँ। सभी विभाग रोस्टर अपडेट कर रिक्त पदों की जानकारी कलेक्ट्रेट भेजें। 27 फरवरी से 1 मार्च तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी विभागों का मैदानी अमला पल्स पोलियो अभियान में सहयोग प्रदान करें। वनग्रामों में वन विभाग के अधिकारी समन्वय करें। नगरीय निकायों में चलने वाले सफाई वाहनों में जीपीएस चालू कराएं। गंदगी वाली जगहों में वॉल पेटिंग कराएं। खाई में पार्किंग की योजना बनाकर प्रस्तुत करें। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से प्लास्टिक का विकल्प उपलब्ध कराएं। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि परीक्षा में शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। अनुचित साधनों का उपयोग न होने दें। परीक्षा के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का भी पालन कराएं। बैगा पंचायतों में हितलाभ वितरण के लिए कार्ययोजना बनाएं। प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाएं। बैठक में मनरेगा, उपार्जित धान का परिवहन, किसानों के भुगतान, पीडीएस उठाव एवं वितरण, स्वामित्व योजना, आयुष्मान भारत, महिला ज्ञानालय आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई।

 

चैकपोस्टों पर सीसी टीव्ही कैमरा लगाएँ

 

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि मोतीनाला सहित अन्य सभी चैकपोस्टों में सीसीटीव्ही कैमरे लगवाएं। संबंधित अधिकारी आकस्मिक निरीक्षण कर सुनिश्चित करें कि चैकपोस्टों पर शासन द्वारा निर्धारित राशि से अधिक राशि न ली जाए। कलेक्टर ने कहा कि खनिज विभाग द्वारा लगाए गए चैकपोस्टों पर सूचनापटल लगाएं। निजी रूप से कोई भी चैकपोस्ट संचालित नहीं होंगे। उन्होंने अवैध उत्खनन के मामलों में सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

हॉस्टल एवं पीडीएस दुकानों का निरीक्षण करें जिलाधिकारी

 

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिला स्तर के अधिकारी भ्रमण के दौरान हॉस्टल, पीडीएस दुकान, स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी चैकलिस्ट के अनुसार पीडीएस दुकानों का निरीक्षण कर फोटो सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने हॉस्टलों के निरीक्षण के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को जिलाधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।

 

वित्तीय लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें

 

                विभागीय लक्ष्य एवं उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें। किसी भी मद में प्राप्त बजट लेप्स नहीं होना चाहिए। बजट लेप्स होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार माना जाएगा। उन्होंने लक्ष्यपूर्ति के लिए चरणबद्ध योजना तैयार कर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।

 

अस्पतालों में शिकायत पेटी लगाएं

 

स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय सहित सभी अस्पतालों में शिकायत पेटी लगाई जाए। इन पेटियों में प्राप्त होने वाली शिकायतों की जानकारी प्रत्येक शनिवार को प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक समय पर अस्पताल आएं तथा निर्धारित समय तक अपनी सेवाएं उपलब्ध कराएं।

 

कलेक्टर की अपील - गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डालें

 

स्वच्छता अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से आग्रह किया है कि वे अपने घरों का कचरा स्थानीय निकायों द्वारा चलाए जा रहे कचरा संकलन वाहनों में ही डालें। नगर को स्वच्छ बनाने के लिए गीले तथा सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण आवश्यक है अतः गीला तथा सूखा कचरा अलग-अलग डालें। कचरे को एकसाथ न डालें। कलेक्टर ने कचरे से खाद बनाने तथा अपशिष्ट के विनिष्टिकरण के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि अलग-अलग कचरा संग्रहण के संबंध में सफाई कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें। बैठक में कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ओडीएफ प्लस गावों की स्वच्छता समिति तथा स्व-सहायता समूहों का सम्मेलन कराएं तथा स्वच्छता अभियान में उनका भी सहयोग प्राप्त करें।

समाचार क्रमांक/157/फोटो संलग्न

No comments:

Post a Comment