मण्डला 28 फरवरी 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन
में समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन, समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम, अंकुर अभियान, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन, पीडीएस वितरण सहित विभिन्न
विभागों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने 1 मार्च से 5 मार्च तक चलने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा
कि सभी शासकीय विभाग एवं उनके कर्मचारी वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में सक्रिय रूप
से हिस्सा लेंगे। श्रीमती सिंह ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि अंकुर अभियान
के तहत् 1 से
5 मार्च तक आयोजित हो रहे
वृक्षारोपण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने जिले में विभिन्न
क्षेत्रों में कार्यरत् एनजीओ को भी वृक्षारोपण कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की।
उन्हांेने कहा कि पौधा लगाने के पश्चात उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। बैठक
में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, एसीईओ
श्री मरावी सहित संबंधित उपस्थित थे।
मंदिर प्रांगण एवं घाटों पर करें वृक्षारोपण
कलेक्टर
हर्षिका सिंह ने कहा कि वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत् 1 मार्च को मनाए जाने वाले
महाशिवरात्रि के अवसर पर विभिन्न मंदिर प्रांगणों, हर घर, स्कूल, आंगनवाड़ी, मंदिर परिसर, सामुदायिक स्थल, पार्क में वृक्षारोपण किया
जाए। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के घाटों पर भी
उचित स्थानों पर वृक्षारोपण की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने जिलेवासियों से आग्रह
किया है कि वृक्षारोपण करने के पश्चात् अंकुर मोबाईल ऐप तथा लिंक पर वृक्षारोपण की
जानकारी भी अवश्य अपलोड करें। उन्होंने जिले में कोविड प्रोटोकॉल के पालन
सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मॉस्क एवं सोशल
डिस्टेसिंग का पालन सतत् रूप से कराएं। उल्लंघन पर दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर भी
कार्यवाही करें।
बिना अटेंड शिकायतों के लिए वेतन काटें
कलेक्टर
ने बैठक में सीएम हेल्पलाईन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने एल-1 स्तर पर बिना अटेंड की गई
शिकायत के आगे बढ़ने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ऐसे विभागों को चिन्हित
करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटा जाए। कलेक्टर ने लगभग 28 अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने एवं नोटिस जारी
करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने बैठक में 3 मार्च को आयोजित हो रहे समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम में
चिन्हित किए गए प्रकरणों से संबंधित विभागों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण
दर्ज करने के निर्देश दिए।
प्राईवेट भवन में संचालित न हो पीडीएस दुकानें
श्रीमती
सिंह ने निर्देशित किया कि जिला आपूर्ति अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि जिले की
कोई भी पीडीएस दुकान किसी व्यक्ति के घर या प्राईवेट भवन में संचालित न हो।
उन्होंने कहा कि संबंधित पंचायतों में शासकीय भवन चिन्हित करते हुए वहां से पीडीएस
वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने पीडीएस खाद्यान्नों के साथ-साथ नमक
के भी उचित रूप से रख-रखाव की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नापतौल
अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 10 दिनों में जिले की सभी पीडीएस दुकानों के वेट मशीन एवं अन्य मापन सामग्री की
जांच कर रिपोर्ट दें।
जिला अधिकारी अनिवार्यतः गोद लेंगे आंगनवाड़ी केन्द्र
कलेक्टर
ने समय-सीमा बैठक में ’एडॉप्ट
एन आंगनवाड़ी’ कार्यक्रम
की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत अब जिले में शेष बचे आंगनवाड़ी
केन्द्रों को भी जल्द गोद लेने की कार्यवाही पूर्ण करें। श्रीमती सिंह ने सभी जिला
अधिकारियों एवं उनके अधिनस्थों को निर्देशित किया कि कम से कम एक आंगनवाड़ी केन्द्र
अनिवार्यतः गोद लेकर उसका उन्नयन करें। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्रों में बैठक
व्यवस्था, बिजली, बच्चों के मनोरंजन के लिए
खिलौने सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी
केन्द्रों को प्ले स्कूल की तर्ज पर विकसित करने का प्रयास करें। उन्होंने एएनसी
रजिस्ट्रेशन की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग को प्रगति
सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फसल क्षति का आंकलन कर कार्यवाही करें
कलेक्टर
ने उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया कि जिले में मंडला, नैनपुर एवं निवास क्षेत्र में फसल क्षति का
गंभीरतापूर्वक आंकलन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फसल क्षति की स्थिति पाए
जाने पर राजस्व एवं बीमा कंपनी के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाते हुए नियमानुसार
मुआवजा प्रदान करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन के
प्राकृतिक प्रकोप के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए इनके प्राथमिकतापूर्ण निराकरण
के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों के भुगतान के संबंध में संबंधित विभागों से
जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विविधिकरण पर चर्चा करते हुए
प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए।
No comments:
Post a Comment