खरगोन: खरगोन जिले के उमरिया गांव में कुएं का दूषित पानी पीने से 50 से अधिक लोग उल्टी दस्त के शिकार हो गए. बीमार लोगों में बच्चों की संख्या ज्यादा बताई गई है.सभी मरीज कसरावद और जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती है.
गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम
सीएमएचओ डॉक्टर डी एस चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य टीम गांव पहुंच गई है. बीमार लोगों का इलाज जारी है. सीएमएचओ ने बताया कि दो लोगों की मौत हुई है. एक वृद्ध व्यक्ति की मौत अधिक उम्र होने से हुई तो दूसरे व्यक्ति को हार्ट अटैक होने से मौत हुई है.
स्वास्थ्य विभाग में मचा हडकंप
एक साथ बड़ी संख्या में उल्टी-दस्त के मरीज आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. गुरुवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उमरिया में शिविर लगाया. जहां पेट दर्द, उल्टी और दस्त संबंधित शिकायत लेकर ग्रामीण डॉक्टरों के पास पहुंचे. लगभग 140 ग्रामीणों का उपचार किया गया. किसी-किसी को स्लाइन भी चढ़ाई.
अस्पताल में किया जा रहा भर्ती
दूषित पानी पीने से उल्टी दस्त के मरीजों को गांव के कसरावद अस्पताल एवं खरगोन जिला अस्पताल में किया जा रहा है. मरीजों का इलाज जारी है. कुएं के पानी के सैंपल लिए जाकर जांच कराएंगे.

No comments:
Post a Comment