ग्वालियर में थप्पड़ मारने पर एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया. यह घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र की दर्पण कॉलोनी की है.
पुलिस के अनुसार एक दिन पहले ही जिस युवक की मौत हुई उसका आरोपी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार थाटीपुर थाना क्षेत्र की दर्पण कॉलोनी में रहने वाला वरुण सिकवार प्रॉपर्टी का कारोबार करता है. बुधवार को वह दर्पण कॉलोनी स्थित पार्क के पास खड़ा हुआ था, तभी राहुल शर्मा नाम का युवक आया और उसे गोली मार दी. गोली वरुण के सीने में जा लगी और घायल होकर नीचे गिर गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी.
बाद में अरुण को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. जांच में पुलिस को पता चला कि वरुण सिकरवार और राहुल शर्मा के बीच कल यानी मंगलवार की शाम पार्क के पास विवाद हुआ था. इस दौरान वरुण ने राहुल को थप्पड़ मार दिया था, जिसका उसने गोली मार कर बदला लिया.

No comments:
Post a Comment