मण्डला 17 मई 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में बारिश के मद्देनजर जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि आगामी बारिश के मद्देनजर अपने-अपने विभाग के जरूरी कार्य को पूरा करें। बारिश को देखते हुए सभी विभाग अपनी तैयारी पूरी करें। उन्होंने जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया कि बांध के गेट का मेंटेनेंस कराएं तथा पानी छोड़ने से पूर्व सूचना प्रसारित करने की व्यवस्था बनाएं। कलेक्टर ने कहा कि ईई डब्ल्यूआरडी हालोन परियोजनाओं के प्रतिनिधि से बात करें तथा समन्वय स्थापित करें। इसी प्रकार जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए अपना स्वयं का कंट्रोल रूम स्थापित कर तैयारी रखें। कलेक्टर में विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि बारिश को देखते हुए बिजली से संबंधित मेंटेनेंस कार्य को पूरा करें। मवई एवं घूघरी क्षेत्र में बिजली की समस्याओं को समय रहते दूर कर लें। कलेक्टर ने पीएच से जिले में जल संकट की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में एवं अन्य स्रोतों के पीने के पानी में दवाई का छिड़काव एवं वाटर टेस्टिंग अवश्य कराएं। कलेक्टर ने एसीईओ श्री मरावी को निर्देशित किया कि पंचायत स्तर पर कुएं आदि में दवाई के छिड़काव एवं साफ-सफाई से संबंधित निर्देश जारी करें। श्रीमती सिंह ने की पीओ डूडा को निर्देशित किया कि नगरीय निकायों में नालियों की साफ सफाई सुनिश्चित करें। इसी प्रकार पानी टंकी एवं अन्य जरूरी स्रोतों की टेस्टिंग कराकर तैयारी करें। श्रीमती सिंह ने सड़क एवं पुल पुलियों से जुड़े विभागों को निर्देशित किया कि बारिश के मद्देनजर सड़क आदि का मरम्मत कार्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि खतरे वाले स्थानों को चिन्हित करें तथा ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाएं। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पुल पुलियों को चिन्हित करें एवं जरूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि नर्मदा नदी के तट की पंचायतों में स्कूलों में आंगनबाड़ी भवनों को चिन्हित करें ताकि बाढ़ के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखा जा सके। ऐसे स्थानों में दवाई एवं अन्य जरूरी व्यवस्था की तैयारी रखें। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने स्तर पर कम्युनिकेशन प्लान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जरूरी नंबर संधारित करें एवं जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। कलेक्टर ने होमगार्ड को निर्देशित किया कि घूघरी एवं अन्य स्थानों पर बाढ़ के दौरान अपनी जरूरी टीम पहुंचाने की व्यवस्था बनाएं। इसी प्रकार आपदा प्रबंधन से जुड़ी जरूरी चीजें खरीदें एवं स्पीड बोट के मेंटेनेंस, गोताखोर आदि की जानकारी पुख्ता रखें। कलेक्टर ने एडीएम मीना मसराम को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन से संबंधित जरूरी सामग्री का क्रय कार्य पूरा करें। उन्होंने सीएमएचओ से कहा कि बारिश के दौरान संभावित बीमारियों जैसे उल्टी, दस्त, सर्पदंश आदि के लिए जरूरी दवाइयां एवं इंजेक्शन पीएचसी एवं सीएचसी स्तर पर पहुंचाए। सभी एसडीएम भी अपने स्तर पर दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाओं को निर्देशित किया कि पशु चिकित्सालय नियमित रूप से खुले रहें। उन्होंने पशुओं के टीकाकरण से संबंधित निर्देश भी दिए। बैठक में एडिशनल एसपी सहित आपदा प्रबंधन समिति के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment