रेवांचल टाईम्स :- अपने छिंदवाड़ा के हर परिवार को स्वस्थ व सुरक्षित रखने के लिये दिन रात आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में जुटे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व छिंदवाड़ा विधायक कमलनाथ एवं जिले के सांसद नकुलनाथ ने अपनी निःस्वार्थ जनसेवा की राह में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब अपने व्यक्तिगत प्रयासों से जिले के आदिवासी अंचल, संतरांचल, कोयलांचल व अन्य अंचलों में संचालित अस्पतालों को नाथ पिता पुत्र अपने माध्यम से निःशुल्क 15 वेंटिलेटर प्रदान करेंगे। आने वाले दिनों में जिला चिकित्सा विभाग को यह वेंटिलेटर निःशुल्क सौंपे जाएंगे। नाथ परिवार द्वारा जिले को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं में यह एक और सार्थक जीवनदायिनी पहल है।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने बताया कि वर्तमान चिकित्सा प्रणाली में वेंटिलेटर एक ऐसा जीवनदायी उपकरण है जिसके अस्पतालों में उपलब्ध होने से गंभीर से गंभीर मरीज़ के प्राणों की रक्षा की आस बंध जाती है। सांसद नकुलनाथ ने गत वर्ष अपनी सांसद निधि से 2 वेंटिलेटर जिला अस्पताल को प्रदान किये थे। जारी वर्ष में कोरोना की महामारी और इसकी विकरालता से निपटने के लिए श्री नकुल-कमलनाथ ने यह निर्णय लिया कि जीवनदायी वेंटिलेटर सम्पूर्ण जिले में उपलब्ध होने चाहिए और उन्होंने अपने माध्यम से जिले को निःशुल्क 15 वेंटिलेटर प्रदान किये है।
श्री ओक्टे ने बताया कि वर्तमान में सम्पूर्ण प्रदेश व देश के विभिन्न प्रदेशों में वेंटिलेटर की सर्वाधिक आवश्यकता है। निर्माता कंपनियां वेंटिलेटर की मांग की तुलना में उसकी आपूर्ति करने में सक्षम नही है और तो और यह मशीन मुंहमांगे दामों पर भी प्रदेश व देश के बाजारों में उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इन विषम परिस्थितियों में श्री नकुल-कमलनाथ द्वारा अपने जिले के लिए 15 वेंटिलेटर उपलब्ध कराना एक ठोस, एक बेहतर व ऐतिहासिक कदम है।
श्री ओक्टे ने बताया कि नकुल-कमलनाथ के माध्यम से जिले को उपलब्ध होने वाले यह 15 वेंटिलेटर छिंदवाड़ा के लिए भेजे जा चुके है जो कि शीघ्र ही यहां पहुंचेंगे। वेंटिलेटर के छिंदवाड़ा पहुंचने के उपरांत इनकी आवश्यकताओं के अनुसार तय संख्या में इन्हें जिले के विभिन्न अस्पतालों में स्थापित कराया जायेगा। श्री नकुल-कमलनाथ की जनसेवा को समर्पित यह दूरगामी सोच वंदनीय है।

No comments:
Post a Comment