कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने सिर पर कलश धारण कर की अगवानी, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने राष्ट्रीय संत विपिन बिहारी जी महाराज का किया स्वागत
दैनिक रेवांचल टाईम्स - मंडला, जिले के ग्राम पंचायत पिंडरई में गुरुवार, 12 नवंबर से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। सर्व धर्म स्थायी प्रबंधन समिति एवं ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के प्रथम दिन 1100 महिलाओं की विशाल कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं के सिर पर सजे मंगल कलश और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने विशेष सहभागिता निभाई। उन्होंने स्वयं सिर पर कलश धारण कर कलश यात्रा की अगवानी की। वहीं, मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने राष्ट्रीय संत एवं गौ-पीठाधीश्वर पूज्य विपिन बिहारी जी महाराज का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। सांसद ने मुख्य यजमान जितेंद्र सिंह राजपूत सहित आयोजन समिति को इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सुख, शांति और समृद्धि की कामना से आयोजन
कथा के मुख्य यजमान श्री जितेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि ग्राम पंचायत पिंडरई के समस्त नागरिकों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना के साथ इस श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
कथा के प्रथम दिवस राष्ट्रीय संत श्री विपिन बिहारी जी महाराज ने श्रीमद् भागवत महापुराण के महात्म्य का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
वही आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से सात दिवसीय कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भागवत श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
