कटनी में NH-43 पर भीषण हादसा: ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर
नायरा पेट्रोल पंप के पास हादसा; बाइक से घर लौट रहे थे तीनों, ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया
कटनी। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत नायरा पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कटनी से अपने गांव लौट रहे थे तीनों बाइक सवार
जानकारी के अनुसार तीन लोग एक ही बाइक पर सवार होकर कटनी से अपने गृह ग्राम कोड़िया, चंदिया जिला उमरिया लौट रहे थे। इसी दौरान दुर्घटना हो गई।
गलत लेन में आए ट्रक से बाइक की टक्कर
बताया गया है कि उमरिया की ओर से कटनी की तरफ आ रहे ट्रक के चालक ने वाहन को कथित रूप से गलत लेन में ला दिया। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग छिटककर सड़क पर दूर जा गिरे।
दो की मौत, एक गंभीर घायल
डायल 112 ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल आपातकालीन सेवा डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अभिषेक नापित को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
ट्रक जब्त, चालक हिरासत में
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। हादसे में शामिल ट्रक को जब्त किया गया है और चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
